हरियाणा के पूर्व CM ओम प्रकाश चौटाला की तबीयत बिगड़ी, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती
बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने की कड़ी में जब वक्ताओं में उनका नंबर आया तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नजदीकी ओम अस्पताल ले जाया।
गुरुग्राम/नारनौल, जेएनएन। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) मुखिया ओम प्रकाश चौटाला की शनिवार को अचानक तबीयत खराब होने के चलते उन्हें नारनौल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर चिकित्सकों द्वारा उनका रक्तचाप (बीपी) व शुगर आदि चेक करने के बाद शुगर करीब 210 आने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, INLD मुखिया ओम प्रकाश चौटाला नारनौल में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने आए थे। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने की कड़ी में जब वक्ताओं में उनका नंबर आया तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नजदीकी ओम अस्पताल ले जाया। फिर यहां से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
यहां पर बता दें कि शुक्रवार को हरियाणा के बहादुरगढ़ में ओम प्रकाश चौटाला ने कहा था कि चुनाव के समय राजनीतिक दलों के बीच चुनावी समझौते होते भी हैं और टूटते भी हैं। चौधरी देवीलाल के सपने का हरियाणा बनाने के लिए समान विचारधारा वाले जो दल हमारा साथ देंगे हम उनका सहर्ष स्वागत करेंगे। यह बात इनेलो सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने इनेलो नेता जीत राठी के साखोल गांव स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कही थी।
ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि वर्ष 1977 में समान विचारधारा के राजनीतिक दलों ने मिलकर जयप्रकाश नारायण जैसी शख्सियत के नेतृत्व में जनता पार्टी का गठन किया और सरकार बनाकर कांग्रेस के कुशासन से लोगों को छुटकारा दिलाया था। इसी तरह समान विचारधारा वाले छोटे-छोटे राजनीतिक दलों ने 1989 में देवीलाल के नेतृत्व में जनता दल बनाया और सरकार बनाई।
आज हालात वर्ष 1977 और 1989 से भी ज्यादा खराब हैं। लोगों की निगाहें इनेलो पर टिकी हैं। इनेलो-भाजपा गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारा किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष से कोई राजनीतिक द्वेष नहीं है और न ही किसी से लड़ाई है। अगर चौधरी देवीलाल की विचारधारा के राजनीतिक दल चुनावी गठबंधन के लिए हमारे साथ आते है तो इन्कार नहीं।
ओमप्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कुशासन से लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए और भी ज्यादा मेहनत करें। कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से मिलें और उन्हें पार्टी से जोड़ें। एक मार्च को हांसी में होने वाली इनेलो की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता मेहनत करें। इस अवसर पर इनेलो नेता जीत राठी, खजान सिंह राठी, इनेलो जिला अध्यक्ष कर्मबीर राठी, पूर्व विधायक नफे राठी, हलका अध्यक्ष राजबीर परनाला आदि मौजूद थे।