नूंह में ऐतिहासिक पांडव कालीन मंदिर पर भाजपा का बड़ा कार्यक्रम, ओम प्रकाश धनखड़ होंगे शामिल
पांच नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक शिव मंदिर श्री केदारनाथ से देश को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर नूंह जिले में भी ऐतिहासिक पांडव कालीन शिव मंदिर फिरोजपुर झिरका में भी भाजपा ने विशाल कार्यक्रम रखा गया है।
नई दिल्ली/ नूंह, जागरण संवाददाता। हरियाणा में बीजेपी की कमान संभालने के बाद पहली बार नूंह जिले में आ रहे ओम प्रकाश धनखड़ के स्वागत को लेकर भाजपाई उत्साह के साथ जुट गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार की सुबह फिरोजपुर झिरका स्थित पांडव कालीन शिव मंदिर पहुंच रहे हैं।
बता दें पांच नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक शिव मंदिर श्री केदारनाथ से देश को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर नूंह जिले में भी ऐतिहासिक पांडव कालीन शिव मंदिर फिरोजपुर झिरका में भी विशाल कार्यक्रम रखा गया है। यह जानकारी देते हुए बीजेपी के जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने बताया कि जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर बीजेपी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ आ रहे हैं। यह कार्यक्रम सुबह 8:00 बजे शुरू होगा और पूरे प्रदेश के अंदर ऐतिहासिक शिव मंदिरों पर 29 जगह कार्यक्रम रखे गए हैं।
उन्होंने जिले में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संदेश जारी किया है कि सभी 5 नवंबर को सुबह 8:00 बजे फिरोजपुर झिरका पांडव कालीन शिव मंदिर पर पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचार सुने। इस मौके पर सभी को प्रदेश अध्यक्ष के भी विचार सुनने को मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सभी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य जिला के सभी पदाधिकारी सभी मोर्चों के अध्यक्ष और उनकी पूरी कार्यकारिणी सभी मंडलों के अध्यक्ष और उनकी पूरी कार्यकारिणी को पहुंचना हैं। इसके साथ ही सभी संयोजक और सह संयोजक निगरानी समिति के सदस्य, जिले के सभी कार्यकारिणी के सदस्य भी इस कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हमारे जिले में आ रहे हैं। इसलिए पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में स्वागत को लेकर जोश है। इसके साथ ही नरेंद्र पटेल जिलाध्यक्ष भाजपा, शिवकुमार आर्य जिला महामंत्री दलबीर सिंह सरपंच जिला महामंत्री ने सभी नगरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं साथ पर्यावरण संरक्षण का ख्याल रखने की अपील भी जिले के नागरिकों से की है।