जलभराव के लिए जिम्मेदार विभागों के कामकाज की जांच कराए सरकारः आदेश गुप्ता
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री से दिल्ली जल बोर्ड लोक निर्माण विभा एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कामकाज की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई एवं सीवर के रखरखाव में लापरवाही की जा रही है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। शनिवार को हुई बारिश से जलभराव की समस्या के लिए भाजपा ने दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उसका कहना है कि समस्या के समाधान पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री से दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभा एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कामकाज की जांच कराने की मांग की है।
नालों की सफाई एवं सीवर के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप
उन्होंने कहा कि नालों की सफाई एवं सीवर के रखरखाव में लापरवाही की जा रही है। उन्होंने इस काम में अनियमितता का भी आरोप लगाया। कहा कि संबंधित विभागों की लापरवाही से हल्की बारिश होने पर ही दिल्ली की सड़कों पर पानी भर जाता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने का सपना दिखाया था, लेकिन आज इसकी गिनती विश्व के सबसे प्रदूषित शहर में होती है।
जलभराव के कारण दिल्ली के लोगों को करना पड़ रहा है मुश्किल का सामना
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि इस बार बरसात में कई बार दिल्ली के लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके समस्या हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात शुरू होने से पहले भाजपा ने कई बार यह मुद्दा उठाया, लेकिन सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
पहली बार जलभराव की समस्या होने के बावजूद सरकार ने नहीं दिया ध्यान
इस वर्ष पहली बार जलभराव की समस्या होने के बावजूद कुछ नहीं किया गया। यदि समय रहते उचित कदम उठाए जाते तो दिल्लीवासियों को जलभराव की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने सरकार से अविलंब उचित कदम उठाने और समस्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।