सरकार ने JNU में भी लगाया रात्रि कर्फ्यू, जानें क्या-क्या किया गया बंद
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है। जेएनयू प्रशासन ने इस बाबत दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। जेएनयू कुलसचिव प्रो अनिर्बान चक्रवर्ती ने कहा है कि दिल्ली सरकार द्वारा लगाए गए रात्रि कर्फ्यू का परिसर में कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है। जेएनयू प्रशासन ने इस बाबत दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। जेएनयू कुलसचिव प्रो अनिर्बान चक्रवर्ती ने कहा है कि दिल्ली सरकार द्वारा लगाए गए रात्रि कर्फ्यू का परिसर में कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
30 अप्रैल तक रात्रि कर्फ्यू लगा रहेगा। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा जाने वालों को रात्रि कर्फ्यू में रियायत दी जाएगी। हालांकि छात्रों, कर्मचारियों को टिकट दिखाना पड़ेगा। परिसर स्थित दुकानें, ढाबा रात नौ बजे तक हर हाल में बंद हो जाएंगे।
जेएनयू प्रशासन ने बताया कि डॉ बी आर अम्बेडकर सेंट्रल लाइब्रेरी का समय घटा दिया गया है। लाइब्रेरी सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक खुली रहेगी। सप्ताहांत में समय और घटाया गया है। शनिवार और रविवार को लाइब्रेरी सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक ही खुली रहेगी। इस दौरान छात्रों को शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पढ़ाई की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन ने सख्त लहजे में चेताया है कि रात दस बजे के बाद जेएनयू परिसर के भीतर व बाहर आने जाने की इजाजत नहीं होगी। परिसर के प्रवेश द्वारा कर्फ्यू के दौरान बंद रहेंगे। सुरक्षाकर्मी परिसर में गश्त करेंगे। यदि कोई कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पानी आपूर्ति प्रभावित
जेएनू प्रशासन ने कहा है कि दिल्ली जल बोर्ड द्वारा पानी की आपूर्ति विगत कई दिनों से बहुत कम कर दी गई है। यह स्थिति अभी कुछ दिन और बरकरार रहेगी। अकादमिक भवनों एवं आवासीय परिसर में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। इंजीनियरिंग विभाग ने तय किया है कि पानी के कम दबाव के कारण जेएनयू परिसर में केवल सुबह के समय ही पानी की आपूर्ति की जाएगी। वो भी बेहद कम समय के लिए।