Good News: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रूट पर रैपिड रेल कारिडोर का काम जल्दी पूरा करने के लिए उठाया गया एक और बड़ा कदम
यमुना नदी को पार करने के लिए आरआरटीएस का पहला पुल डीएनडी फ्लाई-वे के लगभग समानांतर निर्माणाधीन है। न्यू अशोक नगर से कोंडली के बीच खंभे बनाने का कार्य भी जोरों से चल रहा है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रूट पर रैपिड रेल कारिडोर के निर्माण को राजधानी की दूसरी लांचिंग गैंट्री (तारिणी) न्यू अशोक नगर से खिचड़ीपुर के बीच लगाई गई है। यह गैंट्री रीजनल रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कारिडोर के हिस्से का ही निर्माण करेगी, जिसमें सराय काले खां से लेकर खिचड़ीपुर तक का 4.3 किलोमीटर का कारिडोर बनाया जाना है। इसमें सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के दो एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। पहले यहां एक ही लांचिंग गैंट्री काम कर रही थी। काम में तेजी लाने के लिए ये दूसरी लांचिंग गैंट्री लगाई गई है।
बता दें कि दिल्ली में लगभग नौ किमी लंबा आरआरटीएस का एलिवेटेड कारिडोर है। एनसीआर परिवहन निगम द्वारा तैयार दिल्ली की यह पहली लांचिंग गैंट्री पूरे कारिडोर की 24वीं लांचिंग गैंट्री है। न्यू अशोक नगर में आरआरटीएस कारिडोर के पिलर (खंभा) बनाने का काम प्रगति पर है। यहां निर्मित खंभों की ऊंचाई 6.5 मीटर है। पूरे खंड पर खंभों की औसत ऊंचाई 5.6 मीटर से 17 मीटर तक की होगी। यहां आरआरटीएस कारिडोर के वायाडक्ट के कुछ स्पैन भी बनाए जा चुके हैं।
नई लांचिंग गैंट्री के तैयार होने के साथ ही अब दिल्ली में एलिवेटेड कारिडोर के वायाडक्ट का निर्माण तेजी से हो सकेगा। बता दें कि लांचिंग गैंट्री एक विशाल मशीन होती है जो एलिवेटेड कारिडोर के निर्माण के लिए गार्डर के विभिन्न सेगमेंट को उठाने के साथ ही उसे आपस में जोड़ती भी है। गार्डर के सेगमेंट को कास्टिंग यार्ड से बड़े-बड़े ट्रकों में साइट पर लाया जाता है और लांचिंग गैंट्री की मदद से उन्हें आपस में जोड़ा जाता है। यह वायाडक्ट के निर्माण के साथ आगे बढ़ती जाती है।
इस तकनीक का उपयोग करके आरआरटीएस का एलिवेटेड वायाडक्ट बनाया जा रहा है। अब तक लगभग 17 किलोमीटर का वायाडक्ट बन चुका है। इस जटिल परियोजना के लिए अभिनव तरीके से प्री-कास्टिंग तकनीक का उपयोग भी किया जा रहा है। एलिवेटेड आरआरटीएस सेक्शन के दिल्ली का हिस्सा सराय काले खां स्टेशन से शुरू होकर मौजूदा बारापुला फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरकर यमुना नदी को पार करते हुए न्यू अशोक नगर स्टेशन तक पहुंचता है। यमुना नदी को पार करने के लिए आरआरटीएस का पहला पुल डीएनडी फ्लाई-वे के लगभग समानांतर निर्माणाधीन है। न्यू अशोक नगर से कोंडली के बीच खंभे बनाने का कार्य भी जोरों से चल रहा है।