दिल्ली-NCR के मेट्रो यात्रियों को मिलेगी ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन की सुविधा, पढ़िए- खूबियां
Delhi Metro वर्ष 2023 तक दिल्ली में कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के बाद आजादपुर मेट्रो स्टेशन पर दूसरा ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन मिलने वाला है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। Delhi Metro: देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ इससे सटे राज्य हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश नोएडा और गाजियाबाद के लाखों मेट्रो यात्रियों को अगले चार साल के भीतर यानी वर्ष 2023 तक बड़ी सुविधा मिलने लगेगी। दरअसल, दिल्ली में कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के बाद आजादपुर मेट्रो स्टेशन पर दूसरा ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन मिलने वाला है। यह ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन यात्रियों की परेशान तो कम करेगा ही, साथ उनका समय भी बचाएगा।
2023 तक बन जाएगा ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन
ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन निर्माण की तैयारी के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) के अधिकारियों का दावा है कि आजादपुर मेट्रो स्टेशन पर वर्ष 2023 तक ट्रिपल इंटरचेंज बन जाएगा। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि यहां से तीन जगहों के लिए मेट्रो मिलने लगेंगी। इससे यात्रियों का समय भी बचा करेगा।
मेट्रो यात्रियों का होगा बड़ा लाभ
बता दें कि वर्तमान में कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन की सुविधा है। मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में आजादपुर से यलो लाइन मेट्रो (Yellow line Metro) के तहत हुडा सिटी सेंटर (Huda city center) से समयपुर बादली और पिंक लाइन (Pink Line) के तहत मजलिस पार्क से शिव विहार तक मेट्रो चलती है। वहीं, चौथे फेज के तहत हो रहे मेट्रो ट्रैक के निर्माण के बाद जनकपुरी वेस्ट से आरकेपुरम मार्ग कॉरिडोर वाली मेट्रो का एक स्टेशन आजादपुर हर हाल में होगा। ऐसे में आजादपुर स्टेशन पर ट्रिपल इंटरचेंज बनाने का फैसला लिया गया है।
बता दें कि यह दरअसल, मेट्रो मजेंटा लाइन का एक्सटेंश होगा। मजेंटा लाइन फिलहाल नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से दिल्ली के जनकपुरी वेस्ट तक चलती है। बताया जा रहा है कि ट्रिपल इंटरचेंज के तहत दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन में काम भी शुरू कर दिया है।
ऐसे बचेगा समय
मेट्रो यात्रियों को एक से दूसरे मेट्रो ट्रेन की सेवा लेने के लिए इंटरचेंज के अभाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो कई मेट्रो लाइन ट्रेन लेनी पड़ती है। इससे जहां लोगों का समय जाया होता है, वहीं दिक्कत भी होती है। आजादपुर मेट्रो स्टेशन पर ट्रिपल इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन बनने पर यात्रियों को भटकना नहीं पड़गा। कहने का मतलब यहां से नोएडा, गाजियाबाद के साथ फरीदाबाद और गुरुग्राम आना आसान हो जाएगा। वजह यह है कि आजाद पुर स्टेशन से तीनों स्थानों के मेट्रो मिल जाएगी।
NCR के यात्रियों को होगा लाभ
गौरतलब है कि गुरुग्राम, फरीदाबाद के साथ नोएडा और गाजियाबाद से बड़ी संख्या में मेट्रो का सफर तय करके दिल्ली आते हैं। वर्तमान में आने-जाने में लोगों मेट्रो बदलने के दौरान दिक्कत का सामना तो करना ही पड़ता है, साथ ही समय भी जाया होता है। इंटरचेंज बनते ही सबसे ज्यादा फायदा दिल्ली से सटे यूपी और हरियाणा के जिले के लोगों को होने वाला है।
फिलहाल कश्मीरी गेट इंटरचेंज राजीव गांधी के बाद बड़ा मेट्रो स्टेशन है। यहां पर बड़ी संख्या में मेट्रो यात्री आवाजाही करते हैं। कश्मीरी गेट स्टेशन पर हर रोज तकरीबन 2.5 लाख मेट्रो यात्री आते-जाते हैं। वहीं, आजादपुर मेट्रो स्टेशन पर रोजाना 15000 यात्री आते-जाते हैं। वहीं माना जा रहा है कि फेज-4 की मेट्रो का निर्माण होने के बाद यहां पर यात्रियों की संख्या 40000 के पार जा सकती है। अधिकारियों की मानें तो आजादपुर के बाद लाजपत नगर को भी ट्रिपल इंटरचेंज बनाया जा सकता है।
यहां पर बता दें कि फिलहाल दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों के जरिये 30 लाख से अधिक यात्री रोजाना अपना सफर तय करते हैं। गुरुग्राम रैपिड मेट्रो का अधिग्रहण दिल्ली मेट्रो रेल निगम द्वारा करने के बाद मेट्रो यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। माना जा रहा है कि इंटरचेंज से वर्ष 2023 से अधिक यात्रा फायदे में रहेंगे।
ट्रिपल इंटरचेंज बनाए जाने के लिए यहां जो मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा, वह एलिवेटेड होगा। इस एलिवेटिड स्टेशन के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने काम शुरू कर दिया है। आजादपुर पर बनने वाला यह ट्रिपल इंटरचेंज ऐसा होगा, जिसके दो स्टेशन एलिवेटेड और एक भूमिगत हैं। नए बनने वाले स्टेशन को पहले से बने दो स्टेशनों को जोड़ने के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस फुटओवर ब्रिज की लंबाई 197 मीटर होगी।
मेट्रो के लिए आजादपुर मेट्रो स्टेशन दूसरा ट्रिपल इंटरचेंज भले ही बन जाए, लेकिन यात्रियों की संख्या के लिहाज से यह कश्मीरी गेट ट्रिपल इंटरचेंज की बराबरी नहीं कर पाएगा। यात्रियों की आवाजाही के हिसाब से ट्रिपल इंटरचेंज के रूप में कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन सबसे आगे है। यहां रोजाना ढाई लाख लोग मेट्रो के जरिये पहुंचते हैं। वहीं आजादपुर पर इस समय प्रतिदिन करीब 15 हजार यात्री मेट्रो से आना-जाना करते हैं। फेज-4 के बाद इनकी संख्या तीन गुना होगा जाएगी, लेकिन यहां यात्रियों की संख्या 45 हजार तक ही पहुंचने का अनुमान है।