बातों में उलझा जज की ये कीमती चीज लेकर फरार हो गए बदमाश, कुछ नहीं पायी पुलिस
गाजियाबाद लोक अदालत के जज को बातों में उलझाकर दो बदमाश उनका कीमती मोबाइल लेकर फरार हो गए।
नई दिल्ली, जेएनएन। गाजियाबाद लोक अदालत के जज को बातों में उलझाकर दो बदमाश उनका कीमती मोबाइल लेकर फरार हो गए। पीड़ित जज विवेक सिन्हा सेक्टर-93 में रहते हैं और अपनी कार से गाजियाबाद कोर्ट जा रहे थे। सेक्टर 62 स्थित फोर्टिस अस्पताल के पास दो युवकों ने जज की कार का पहिया पैर पर चढ़ने का आरोप लगाते हुए रोक लिया था।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर 93 निवासी जज विवेक सिन्हा ने दी शिकायत में कहा है कि वह गाजियाबाद स्थित स्थायी लोक अदालत में जज के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह वह अपनी कार में सवार होकर गाजियाबाद कोर्ट जा रहे थे। सेक्टर 62 में फोर्टिस अस्पताल के पास पहुंचने पर उन्हें जाम मिला। जाम के चलते उन्होंने कार की गति कम कर दी। इसी दौरान एक युवक ने उनकी कार के शीशे पर जोर से हाथ मारना शुरू कर दिया।
जज विवेक सिन्हा ने कार का शीशा खोला, तो उस युवक ने आरोप लगाया कि उनकी कार का पहिया उसके पैर पर चढ़ गया है। तभी दूसरी साइड से एक और युवक शीशे पर हाथ से मारने लगा। उन्होंने दूसरी तरफ का शीशा खोल दिया। दूसरे युवक ने भी कार का पहिया पैर पर चढ़ने का आरोप लगाया। उन्हें बातों में उलझा कर बदमाश कार में रखा उनका मोबाइल फोन चोरी कर मामूरा की तरफ भाग गए।
जज ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश एक वैगनआर कार में सवार होकर फरार हो गए। जाम लगा होने के कारण वह उनका पीछा नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। फिलहाल कोतवाली सेक्टर 58 पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।