स्वराज इंडिया की दिल्ली इकाई का गठन, अनुपम को बनाया गया अध्यक्ष
मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने अनुपम के नाम की घोषणा की।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। स्वराज इंडिया पार्टी की दिल्ली इकाई का गठन किया गया है। स्वराज इंडिया के संस्थापक सदस्यों में शामिल अनुपम (29) को दिल्ली का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इससे पहले वह पार्टी में प्रवक्ता का कार्यभार देख रहे थे।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद अनुपम ने चार साल तक एक निजी कंपनी में काम किया। वर्ष 2013 में नौकरी छोड़कर राजनीति में आए। मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने अनुपम के नाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नवनीत तिवारी को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी के कार्यकर्ता, कार्यालय और कार्यक्रमों की देखरेख के लिए सुरिंदर सिंह कोहली, निशांत त्यागी और रमन यादव को प्रदेश सचिव और पटेल नगर की पूर्व विधायक वीना आनंद व कर्नल (सेवानिवृत) पीके अहलावत को उपाध्यक्ष और दीपक भान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। सभी का कार्यकाल एक वर्ष का होगा।
अनुपम ने कहा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रति लोगों में अविश्वास और आक्रोश है। दिल्ली सरकार की जनविरोधी शराब नीति का खामियाजा आम लोग, विशेषकर महिलाओं को भुगतना पड़ा है। स्वराज इंडिया जन समस्याओं को लेकर गंभीर है। डेंगू व चिकनगुनिया के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
स्वराज इंडिया ने दिल्ली में 70 विधानसभा क्षेत्रों में 14 जोन बनाए हैं, जिनमें पांच-पांच विधानसभा क्षेत्र होंगे। स्वराज केंद्र का गठन किया गया है, जो हर वार्ड में जनता की सेवा के लिए होंगे।
यह भी पढ़ें: AAP विधायकों की शादी में आखिर क्या है रोड़ा, राखी बिड़लान ने बयां किया दर्द
यह भी पढ़ें: योगेंद्र यादव का AAP पर हमला-CM आवास और विधानसभा में एक जैसा काम