काम नहीं आई रोक, ऑटो में रखकर बेचे गए पटाखे, ऑर्डर पर घर पहुंचे अनार व चकरी
लोगों के घरों तक पटाखे फोन से मिले ऑर्डर पर पहुंच रहे थे। यहां तक की ऑटो में रखकर कई स्थानों पर पटाखे बेचे गए।
गुरुग्राम, जेएनएन। साइबर सिटी के लोगों ने बुधवार को दीपावली का त्यौहार धूमधाम से मनाया। शाम ढलते ही हर घर में लक्ष्मी पूजन बड़े ही श्रद्धा एवं भक्ति भाव से किया गया। पूजा-पाठ का यह सिलसिला शुभ मुहूर्त के अनुसार शाम साढ़े छह बजे से शुरू होकर रात साढ़े आठ बजे तक चलता रहा। सभी ने माता लक्ष्मी से अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
जमकर पटाखे जलाए गए
शुरू में ऐसा लग रहा था कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा पटाखों की बिक्री पर रोक का भारी असर होगा, मगर ऐसा नहीं हुआ। लक्ष्मी पूजन के बाद आतिशबाजी का जो दौर शुरू हुआ वह देर रात तक थमने का नाम नहीं ले रहा था। बड़ों से लेकर बच्चों तक ने जमकर पटाखे जलाए।
लोगों में होड़ भी खूब चली
साइबर सिटी में हर त्यौहार को बड़े ही जीवंत तरीके से मनाया जाता है। जब बात दीपावली की होती है तो कोई स्वयं को रोक नहीं पाता। शहर में हर मजहब के लोगों ने अपने ही अंदाज में दीपावली मनाई। एक दूसरे के घर पहुंचकर उपहार देने का भी दौर काफी देर तक चला। इस सब के बीच पटाखे जलाने वालों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा था। कोई अनार तो कोई चकरी तो कोई भयानक आवाज वाले पटाखे व बम से धमाके कर रहा था। यही नहीं पटाखों को लेकर लोगों में होड़ भी खूब चली। कौन कितने पटाखे जलाता है इसका भी कड़ा मुकाबला हुआ। देखते ही देखते पूरा वातावरण पटाखों के शोर से गूंज उठा।
ऑटो में रखकर बेचे गए पटाखे
शहर के सेक्टर-38, 39, झाड़सा, वजीराबाद, सेक्टर-52, 54, पालम विहार, सेक्टर-23, सेक्टर-22, सेक्टर-4, सेक्टर-5 में, सेक्टर-7 सहित शहर के अन्य इलाकों में रात 12 बजे के बाद भी पटाखे फूटते रहे। लोगों के घरों तक पटाखे फोन से मिले ऑर्डर पर पहुंच रहे थे। यहां तक की ऑटो में रखकर कई स्थानों पर पटाखे बेचे गए।
पटाखे फूटते रहे
उपायुक्त विनय प्रताप सिंह द्वारा बुधवार को आदेश जारी कर सिर्फ आठ स्थानों पर आतिशबाजी के लिए स्थल निर्धारित किया गया था। इसके बाद भी पटाखों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराना प्रशासन के लिए संभव नहीं रहा। हिदायतों के अनुसार शाम आठ से रात दस बजे तक ही आतिशबाजी की जा सकती थी। इसका भी असर नहीं दिखा। आधी रात के बाद भी पटाखे फूटते रहे।