Delhi, Narela Fire News: दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में लगी भीषण आग पर पाया गया काबू
Delhi Narela Fire News दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के डी ब्लॉक स्थित एक फैक्ट्री में सुबह करीब साढ़े दस बजे आग लग गई। सूचना पर मौके पहुंची दमकल की 32 गाड़ियां से कई घंटे बाद आग पर काबू पाया।
नई दिल्ली [धनंजय मिश्रा]। दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के डी ब्लॉक स्थित जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन पूरी तरह आग बुझाने में पूरी रात ऑपरेशन चलेगा। दमकल की 36 गाड़ियों ने कई घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मिली जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 10 बजे लगी थी।
दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है फेक्ट्री में जब आग लगी थी उस दौरान करीब 500 कामगार थे। सभी को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। धुंए से पूरा इलाका ढक गया था। अधिकारियों ने आस-पास की फैक्टरियों को खाली कर दिया था।
वहीं, कंपनी के कर्मचारियों का आरोप है कि सूचना देने के बाद दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंची। उधर, दमकल विभाग ने लोगों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को रवाना कर दिया गया था।
खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग से झुलसा परिवार
वहीं, दक्षिणी दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके में खाना बनाते समय एक घर में आग लग गई। इस कारण परिवार के छह सदस्य आग की चपेट में आकर झुलस गए। इस हादसे के बाद झुलसी हालत में परिवार के सभी सदस्यों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग पाइप में लीकेज की वजह से लगी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को संजय कॉलोनी में भाटी माइंस स्थित सी ब्लॉक के एक घर में आग लगने की सूचना मिली। जांच में पता चला आग एलपीजी सिलेंडर की पाइप लीक होने की वजह से लगी थी। उस वक्त घर में खाना बनाया जा रहा था। घायलों में मंसूर, उनकी पत्नी, बेटी और तीन बच्चे शामिल हैं। घायलों में मंसूर की पत्नी और सात वर्षीय बेटा 70 फीसद झुलसा है, जबकि दो साल का बच्चा 20 प्रतिशत। बाकी सभी मामूली रूप से आग की चपेट में आए, जिन्हें प्राथमिक इलाज मिलने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। मंसूर भाटी माइंस में समोसे बेचता है। इसी सिलसिले में वह खाने का सामान बना रहा था तभी घर में आग लग गई।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो