दिल्ली में भंडारे के दौरान लगी आग, दो लोग झुलसे; पंडाल में मची भगदड़
पूर्वी दिल्ली स्थित खजूरी की श्रीराम कॉलोनी में बृहस्पतिवार को गणेश चतुर्थी के भंडारे के लिए प्रसाद बनाते समय अचानक गैस लीक होने से आग लग गई।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्वी दिल्ली स्थित खजूरी की श्रीराम कॉलोनी में बृहस्पतिवार को गणेश चतुर्थी के भंडारे के लिए प्रसाद बनाते समय अचानक गैस लीक होने से आग लग गई। इसे बुझाते समय दो लोग झुलस गए। जख्मी हालत में विनोद (45) और अनिल (40) को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल भेजा गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर गली नंबर 22, श्रीराम कॉलोनी में भंडारे के लिये प्रसाद बनाया जा रहा था। तभी अचानक सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण आग गई। गनीमत रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ। आग लगते ही पंडाल में भगदड़ मच गई। विनोद और अनिल ने आग को बुझाने का प्रयास किया। उसकी चपेट में आकर विनोद और अनिल आंशिक रूप से झुलस गए।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक