जैन मुनि नयन सागर के खिलाफ एफआइआर दर्ज, धोखाधड़ी का है आरोप
आरोप है कि 2017 में वैशाली स्थित जैन मंदिर में पंच कल्याणक महोत्सव करवाने के दौरान दान में जो कुछ मिला था। सब नयन सागर ले गया।
गाजियाबाद/साहिबाबाद, जेएनएन। जैन मुनि नयन सागर पर इंदिरापुरम थाने में धार्मिक भावना को आहत करने और धोखाधड़ी के आरोप में एफआइआर दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि नयन सागर उर्फ संजय जैन की वीडियो वायरल हुई जिसमें युवती नयन सागर के कमरे से निकलती दिख रही है। इससे लाखों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वैशाली जैन मंदिर समीति के अध्यक्ष की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
महीम जैन वैशाली सेक्टर-तीन महावीर वाटिका स्थित जैन मंदिर समीति के अध्यक्ष हैं। उनका कहना है कि 19 जुलाई 2017 को संजय जैन निवासी ग्राम सोनगिर जिला धूले महाराष्ट्र हाल पता निर्मलायतन आश्रम नानोता जिला सहारनपुर से उनकी मुलाकात हुई थी। आरोप है कि संजय जैन ने खुद को जैन मुनि नयन सागर बताया था। नयन सागर महाराज बताकर नौ जुलाई से 23 जुलाई तक वैशाली स्थित जैन मंदिर में पंच कल्याणक महोत्सव कराया था।
युवती के साथ वीडियो से आहत हुईं भावनाएं
वैशाली सेक्टर-3 स्थित जैन मंदिर से जुड़े लोगों की शिकायत है कि आठ अगस्त 2018 को नयन सागर महाराज का एक युवती के साथ वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो के वायरल होने से लाखों जैन समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। नयन सागर ने लोगों का भरोसा तोड़ा है।
आरोप है कि 2017 में वैशाली स्थित जैन मंदिर में पंच कल्याणक महोत्सव करवाने के दौरान दान में जो कुछ मिला था। सब नयन सागर ले गया, उसने कुछ भी वापस नहीं किया। उसने लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। महीम जैन का आरोप है कि उन्होंने इंदिरापुरम पुलिस, एसएसपी और डीएम से इसकी शिकायत की थी। एफआइआर नहीं दर्ज हुई तो उन्होंने कोर्ट में अर्जी डाली थी।
एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर नयन सागर महाराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।