दिल्ली में सतर्कता डोज लगवाने वालों का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार
15414 लोगों को सतर्कता डोज लगने के साथ ही कुल आंकड़ा एक लाख 62 हजार 875 पर पहुंच गया। जिसमें सबसे अधिक अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी शामिल हैं। इसके साथ ही 15-18 वर्ष तक के किशोरों के टीकाकरण का आंकड़ा भी साढ़े छह लाख के पार पहुंच गया है।
नई दिल्ली [राहुल चौहान]। राजधानी में मंगलवार को सतर्कता डोज लेने वालों का आंकड़ा डेढ़ लाख को पार कर गया। शाम को साढ़े पांच बजे तक 15414 लोगों को सतर्कता डोज लगने के साथ ही कुल आंकड़ा एक लाख 62 हजार 875 पर पहुंच गया। जिसमें सबसे अधिक अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी शामिल हैं। जबकि दूसरे नंबर पर बुजुर्ग और तीसरे नंबर पर स्वास्थ्यकर्मी हैं।
साढे छह लाख से अधिक किशोरों को भी लगी टीके की पहली डोज
इसके साथ ही 15-18 वर्ष तक के किशोरों के टीकाकरण का आंकड़ा भी साढ़े छह लाख के पार पहुंच गया है। शाम साढ़े पांच बजे तक 38,678 किशोरों को टीका लगने के साथ ही कुल आंकड़ा छह लाख 52 हजार 967 पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि राजधानी में तीन जनवरी से किशोरों को पहली डोज देने और 10 जनवरी से सतर्कता डोज देने का काम शुरू हुआ था।
18 जनवरी को सतर्कता डोज लेने वाले
अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी-7,800
60 से ऊपर के बीमारियों से पीड़ित बुजुर्ग-4,878
स्वास्थ्यकर्मी-2,736
बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें: अंजू जैन
कोरोना महामारी के दौरान लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से तो टीकाकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय जन प्रतिनिधी भी कोरोना संक्रमण पर शिकंजा कसने के लिए हरसंभव मदद कर रहे हैं। पीतमपुरा की पार्षद अंजू जैन ने बताया कि वार्ड में सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। सड़कों, पार्को व लोगों के घरों के बाहर सैनिटाइजर का छिड़काव किया जा रहा है।
अंजू जैन ने कहा कि कोरोना संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। अगर जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें। साथ ही कोरोना नियमों का पालन करें। मास्क लगाकर रखें, शारीरिक दूरी का पालन करें व बार-बार हाथ धोते रहें। उन्होंने कहा कि वार्ड में जरूरतमंदों को मास्क व सैनिटाइजर बांटे जा रहे हैं। इसके अलावा जिन लोगों को खाने को लेकर समस्या खड़ी होती है, उन्हें भोजन भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।