Delhi Crime News: जहांगीरपुरी इलाके में दो गुटों में मारपीट के बाद पथराव, एक गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि कृष्णा अमन और उसके दो अन्य दोस्तों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। जब कृष्ण ने भागने की कोशिश की तो अमन ने उस पर एक पत्थर फेंका।
नई दिल्ली, एएनआइ। राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में रविवार रात दो गुटों में मारपीट हो गई। दिल्ली पुलिस को एरिया में 43 मिनट तक पथराव होने की सूचना मिली तो एक टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस का कहना है कि दो गुटों में मारपीट के बाद ईट लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया।
जिसे उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि कृष्णा, अमन और उसके दो अन्य दोस्तों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद हाथापाई व मारपीट हो गई। जब कृष्ण ने भागने की कोशिश की, तो अमन ने उस पर एक पत्थर फेंकाद्य इसमें अमन का चचेरा भाई सागर भी घायल हो गया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, एक अन्य मामले में कालिंदी कुंज इलाके में नोएडा से घर लौट रहे युवक को दो लोगों ने पुराने विवाद में पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जैतपुर एक्सटेंशन निवासी प्रमोद कुमार सिंह (44) नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में जनरल मैनेजर हैं।
शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे वे बाइक पर नोएडा से घर लौट रहे थे। जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 स्थित 33 फुटा रोड के पास पहले से मौजूद सौरभ विहार निवासी कुंदन कुमार व राजन ने उनका रास्ता रोक लिया। वे प्रमोद पर उनकी शिकायत करने का आरोप लगाने लगे।
आरोपितों ने प्रमोद से कहा कि उन्होंने सिलेंडर के पुर्जे चुराने की शिकायत उच्च अधिकारियों से की है। इतना कहकर वे पीड़ित पर टूट पड़े। आरोपितों ने गालीगलौज करते हुए प्रमोद को पीटकर घायल कर दिया।