Farmers Protest: टीकरी बॉर्डर पर चल रहे प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंची पंजाब और हरियाणा की महिलाएं
Farmers Protest तीन कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस आंदोलन में महिलाओं की भूमिका नजर आई। हरियाणा और पंजाब से काफी संख्या में महिलाएं टीकरी बॉर्डर पर पहुंची और आंदोलन में शामिल हुई।
नई दिल्ली, एएनआइ। तीन कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस आंदोलन में महिलाओं की भूमिका नजर आई। हरियाणा और पंजाब से काफी संख्या में महिलाएं टीकरी बॉर्डर पर पहुंची और आंदोलन में शामिल हुई।
इस प्रदर्शन में अभिनेत्री सोनिया मान भी शामिल हुई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने उत्पीड़न के खिलाफ हमेशा आवाज उठानी चाहिए। दुनिया भर में आज महिला दिवस मनाया जा रहा है। ऐसे दिनों पर हम लोगों को कोई न कोई प्रतिज्ञा लेनी चाहिए और उस पर काम करना चाहिए।
मालूम हो कि बीते 100 दिनों से अधिक किसानों का आंदोलन चल रहा है। अपनी मांगों को लेकर ये किसान धरना देकर प्रदर्शन पर बैठे हुए हैं। 26 जनवरी को हुए उपद्रव के बाद से आंदोलन थोड़ा हल्का पड़ा था मगर अब किसानों को इससे जोड़ने के लिए तमाम राज्यों में महापंचायत भी की जा रही है और किसानों को जोड़ा जा रहा है। गांव से एक किसान एक ट्रैक्टर और 10 दिन का समय मांगा जा रहा है जिससे आंदोलन को मजबूती मिली रहे। अब किसान गर्मी से निपटने की तैयारी कर रहे हैं। उसके लिए प्रदर्शन स्थलों पर झोपड़ियां आदि बनाई जा रही है।
टीकरी बॉर्डर पर महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। इस कारण आसपास के मेट्रो स्टेशनों पर भी इसका असर पड़ा है। सुरक्षा की दृष्टि से डीएमआरसी की ओर से बहादुरगढ़ के सभी मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। दिल्ली मेट्रो की ओर से ग्रीन लाइन पर टीकरी बॉर्डर से लेकर ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन तक के सभी स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। इसमें बहादुरगढ़ के तीन यानी ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी व पंडित श्रीराम मेट्रो स्टेशन तथा दिल्ली के टीकरी बॉर्डर मेट्रो स्टेशन बंद किए गए है।
ये भी पढ़ेंः कोरोना महामारी से पहले बच्चे का नाम रखा 'कोविड', अब नाम को ही लेकर परेशान हैं पिता
दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से सुबह करीब सवा 10 बजे अचानक बहादुरगढ़ के सभी मेट्रो स्टेशनों समेत दिल्ली सीमा में लगने वाली टीकरी बॉर्डर मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया। यहां पर सुरक्षा बलों के जवान तैनात कर दिए गए। मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने से दिल्ली व बहादुरगढ़ आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। डीएमआरसी ने ट्वीट के माध्यम से यात्रियों को ये चारों मेट्रो स्टेशन बंद करने की सूचना दी।