Farmers Protest: एमएसपी था, है और जब तक मोदी जी हैं रहेगा: भूपेंद्र यादव
Farmers Protest किसान महापंचायत में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी जरूर करेगी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली देहात के माजरा डबास गांव में रविवार शाम को किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कृषि कानूनों के बारे में बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी जरूर करेगी।
उन्होंने कहा, 'कुछ लोग किसानों को झूठ बोलकर भड़का रहे हैं। मैं उनको कहना चाहता हूं अंतिम जीत सत्य की होती है। जीत मोदी सरकार की ही होगी।' उन्होंने कहा कि एमएसपी था, है और जब तक मोदी जी हैं तब तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को बंधनों से मुक्त करने के लिए ही तीनों कृषि कानून लाए गए हैं।
कांट्रेक्ट फार्मिंग (अनुबंध खेती) को लेकर भी भ्रम फैलाया जा रहा है। सबसे पहले कांट्रेक्ट फार्मिंग पंजाब में लागू हुई। इसके बाद हरियाणा, ओडिशा व बंगाल जैसे राज्यों में भी कांट्रेक्ट फार्मिंग होने लगी। कांट्रेक्ट सिर्फ फसल का होता है। किसान की जमीन कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने कहा कि तीनों कानून मंडी को समाप्त नहीं कर रहे हैं। जिस किसान को मंडी में अपनी फसल बेचनी है वह मंडी में बेचे। जिसको कहीं बाहर बेचनी है वह बाहर बेचे।
यादव ने कहा कि केंद्र सरकार एक फोन काल की दूरी पर है। प्रदर्शनकारी आकर खुले मन से बात करें। सरकार ने बात करने से कभी नहीं रोका, लेकिन सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए नए कदम उठाने ही पड़ेंगे। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सहरावत, उत्तर-पश्चिमी जिला अध्यक्ष देवेंद्र सोलंकी भी मौजूद थे।किसान रेल ने घटाई दूरी भूपेंद्र यादव ने कहा कि बिहार, आंध्र प्रदेश जैसे कई राज्यों के छोटे-बड़े किसानों के लिए मोदी सरकार ने किसान रेल शुरू की।
अब वह सीधे अपनी फसल, फल व सब्जियां दूसरे राज्यों की मंडियों में बेच रहे हैं। इसके साथ ही दस करोड़ छोटे किसानों के खातों में हर वर्ष छह हजार रुपये भी भाजपा सरकार की ओर से भेजे जा रहे हैं ताकि उन्हें खाद बीज खरीदने में परेशानी न हो।कांग्रेस व आप को लिया आड़े हाथभूपेंद्र यादव ने कांग्रेस व आम आदमी पार्टी (आप) को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में दिल्ली देहात में परेशानियां खड़ी कीं, वहीं दिल्ली देहात को सबसे ज्यादा उपेक्षा केजरीवाल सरकार की वजह से झेलनी पड़ी।