महाशिवरात्रि : शाम को निकलेगी शिव की बारात, बम-बम भोले की गूंज से झूम उठेंगे शिव भक्त
शिवरात्रि को लेकर फरीदाबाद के शिव मंदिर की सुंदरता देखते ही बन रही है। हर तरु शिव की ही गूंज है। शाम को शिव की बारात निकलेगी।
फरीदाबाद, जेएनएन। शहर के विभिन्न शिव मंदिरों की रौनक देखते ही बन रही है। आज महाशिवरात्रि को लेकर हर मंदिर में शिव भक्तों की भीड़ दिख रही है। मंदिरों को फूलों से सजाया गया है तो रोशनी से भी जगमग किया गया है। सोमवार को शिवरात्रि होने के कारण इसका महत्व और ज्यादा बढ़ गया है। मंदिर भोले के नाम से गूंज रहा है। आज शाम विभिन्न मंदिरों से भोले बाबा की बरात निकाली जाएगी। इससे पहले भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
सैनिक कालोनी, सेक्टर-49 शिव मंदिर को रोशनी से जगमग किया गया है। मंदिर में शिवरात्रि पर मेले का आयोजन होता है। सुबह 5 बजे से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू है। श्री महारानी वैष्णव देवी मंदिर में शिवरात्रि के चलते रविवार से अखंड रामायण पाठ चल रहा। मंदिर के पंडित कृष्णा कांत पांडेय ने अखंड पाठ का शुभारंभ किया। सोमवार को पाठ का समापन किया जाएगा।
ऐसे ही सिद्धपीठ काली मंदिर में भी शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन होता है। मंदिर में सोमवार दोपहर शिव बरात निकाली जाएगी। मंदिर से 4-5 चौक होते हुए विभिन्न क्षेत्रों में शिव बरात जाएगी। रात 7:30 बजे मंदिर में शिव जी की झांकियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। रात 10:30 बजे शिव पार्वती की जयमाला रस्म भी होगी। कलाकार ज्योति और सागर शिव, पार्वती के रूप में होंगे।
बंसी लाल कुकरेजा, महासचिव, तत्कालेश्वर शिव मंदिर।
सोमवार सुबह 4 बजे ही मंदिर के कपाट खोले जा चुके हैं। मंदिर में शिव भजनों की गूंज रहेगी। महिला मंडली की ओर से कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा।
राम जुनेजा, अध्यक्ष, श्री राम मंदिर कमेटी।
मंदिर की ओर से सोमवार दोपहर दो बजे शिव बरात निकाली जाएगी। प्रसाद के रूप में भांग बांटी जाएगी। मंदिर में सुबह हवन हुआ। रात दस बजे शिव जागरण होगा।
जगदीश भाटिया, प्रधान, वैष्णव देवी मंदिर।
मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया है। मंदिर में लाइटिंग भी की गई है। सोमवार सुबह 4 बजे से जलाभिषेक किया जा रहा है।
पं.शशिकांत पांडेय, शिव मंदिर, सैनिक कॉलोनी