बवाना में नकली घी की फैक्ट्री का भंडाफोड़, फैक्ट्री मालिक सहित पांच गिरफ्तार
पुलिस ने मामला दर्ज कर फैक्ट्री मालिक सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन पर नकली घी की फैक्ट्री चलाने का आरोप है।
नई दिल्ली, संजय सलिल। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने बवाना औद्याेगिक क्षेत्र में चल रही नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस बावत पुलिस ने मामला दर्ज कर फैक्ट्री मालिक सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान संदीप, अक्षय, रोहित, रतन व अंकेश के रूप में हुई है। इनमें संदीप फैक्ट्री मालिक है। पुलिस ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में घी, खाली जार आदि भी बरामद किया है।
बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी गौरव शर्मा ने बताया कि बवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित सेक्टर एक में नकली देशी घी बनाने की सूचना मिली थीं। सूचना में बताया गया था कि यह घी एक फैक्ट्री में बनाई जा रही है और उसे वाहन से बाजारों में आपूर्ति की जाती है। ऐेसे में पुलिस टीम ने सूचना की पुष्टि के लिए अपने स्तर से जांच पड़ताल की और सूचना को सही पाया।
इसके बाद इसकी सूचना खाद्य आपूर्ति विभाग को दी गई। ऐसे में जिले की वाहन चोरी निरोधक दस्ता व खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की टीम ने मौके पर जाकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 284 कार्टन नकली घी, ढाई सौ खाली जार आदि बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ही फैक्ट्री मालिक सहित अन्य चारों आरोपितों को दबोच लिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार फैक्ट्री में रिफाइंड तेल, वनस्पति डालडा अादि से नकली घी बनाया जाता था।
घी असली लगे, इसके लिए उसमें सुगंध, रंग आदि का भी प्रयोग किया जाता था। इसके बाद घी को पाऊच व जार आदि में पैंकिंग की जाती थी। तैयार नकली घी को टेंपो के जरिये बाजारों में आपूर्ति की जाती थी। पुलिस को मौके पर एक टेपों भी मिला, जिसमें नकली घी से भरे डिब्बे आदि थे। पुलिस ने टेपों को भी जब्त कर लिया है।
दिल्ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो