सरकार की नाकामी से पहली बारिश में दिल्लीवासी हुए परेशान : भाजपा
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के नालों की सफाई नहीं होने से लोगों को सड़कों पर जलभराव व जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। सरकार के पीडब्ल्यूडी के सभी नालों की सफाई होने का दावा झूठा साबित हुआ है।
नई दिल्ली, संतोष कुमार सिंह। भाजपा का कहना है दिल्ली सरकार की नाकामी की वजह से मानसून की पहली बारिश में दिल्लीवासियों को जलभराव और यातायात जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। आने वाले दिनों में यह परेशानी और बढ़ेगी। सरकार को तुरंत समस्या के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाना चाहिए। अंडरपास में वाहनों के बारिश के पानी में फंसने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश का भाजपा ने विरोध किया है।
नालों की सफाई नहीं होने के कारण हो रही जलभराव की समस्या
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के नालों की सफाई नहीं होने से लोगों को सड़कों पर जलभराव व जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। सरकार के पीडब्ल्यूडी के सभी नालों की सफाई होने का दावा झूठा साबित हुआ है। नालों की सफाई न होने से सड़कों पर पानी भर गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले ही इसे लेकर आशंका जताई थी।
सिर्फ कागजों पर हुई सफाई
उपराज्यपाल को इसकी जानकारी देकर उनसे नालों की सफाई की पड़ताल करने की अपील की गई थी। उन्होंने कहा कि सिर्फ कागजों पर नालों की सफाई हुई है। नालों की सफाई पर कितना खर्च आया है और उससे कितना लाभ हुआ इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मिंटो ब्रिज के नीचे पानी भरने की समस्या दूर करने के बजाय सरकार ने बारिश होने पर इस सड़क को बंद करने का फैसला कर लिया। किसी वाहन चालक के उस ओर जाने पर चालान काटा जाएगा।
सीएम दूसरे राज्यों के दौरे में व्यस्त
दिल्ली परिवहन निगम का कोई चालक बस लेकर उस तरफ गया तो चालक व डिपो प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई होगी। समस्या का समाधान निकालने के बजाय सरकार कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री समस्या दूर करने के बजाय राजनीतिक विस्तार के लिए दूसरे राज्यों का दौरा कर रहे हैं।