Exercise With N95 Mask: मास्क पहनते हैं तो जरूर पढ़ें यह खबर, वरना बढ़ सकती है आपकी परेशानी
Exercise With N95 Mask एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ अंबुज रॉय ने कहा कि आम लोगों को सर्जिकल या कपडे़ का साधारण मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। Exercise With N95 Mask: वैश्विक माहामारी कोरोना के कारण मास्क फिलहाल जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसी स्थिति कब तक रहेगी फिलहाल इसका जवाब डॉक्टरों के पास भी नहीं है। इतना जरूर कहते हैं कि लंबे समय तक मास्क के साथ रहने की आदत डालनी पडेगी। लोग संक्रमण से बचने के लिए तरह-तरह के मास्क का इस्तेमाल भी कर रहे हैं, लेकिन एन-95 मास्क लगाकर दौडना व व्यायाम करना जीवन के लिए घातक भी हो सकता है, इसलिए मास्क पहनकर व्यायाम करने से बजें।
दौड़ने या व्यायाम करने पर ज्यादा ऑक्सीजन की होती है जरूरत
एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ अंबुज रॉय ने कहा कि आम लोगों को सर्जिकल या कपडे़ का साधारण मास्क पहनने की सलाह दी गई है। एन-95 में सांस की थोड़ी परेशानी होती है, क्योंकि यह मल्टीलेयर मास्क होता है और यह चेहरे से पूरी तरह चिपका होता है। दौड़ने पर या व्यायाम के दौरान धीरे-धीरे सांस की गति बढती है और फेफड़े को अधिक ऑक्सीजन की जरूरत होती है। एन-95 मास्क में हवा भी फिल्टर होकर आती है और उसमें हवा का दबाव कम होता है। इस वजह से एन-95 मास्क पहनकर व्यायाम करने के दौरान सांस की गति बढ़ने पर ऑक्सीजन की कमी हो महसूस हो सकती है। ऐसे में एन-95 मास्क पहनकर व्यायाम नहीं करना चाहिए। वैसे अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों को ही इस तरह के मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
नियमित व्यायाम नहीं करते तो अचानक शरीर पर न डालें अधिक बोझ
जो लोग नियमित व्यायाम नहीं करते, दौड़ नहीं लगाते वे यदि अचानक बगैर मास्क के भी अधिक दौड़ें या देर तक व्यायाम करें तो सांस फूलने और दिल की परेशानी हो सकती है, इसलिए शरीर पर अधिक बोझ न डालें। शरीर की क्षमता के अनुसार व्यायाम करें। खुली जगह में बिना मास्क के कर सकते हैं, व्यायाम खुली जगह पर मास्क पहनकर रहना जरूरी नहीं है, क्योंकि कोरोना वायरस किसी के खांसने व छींकने पर ड्रॉपलेट से फैलते हैं। खुली जगह पर हवा में इसका वायरस मौजूद नहीं होता, इसलिए खुली जगह पर मास्क के बगैर भी व्यायाम कर सकते हैं।
फीजिकल डिस्टेंसिंग का करें पालन
व्यायाम के दौरान शारीरिक दूरी बनाकर रखना जरूरी व्यायाम करते समय शारीरिक दूरी के नियम का पालन आवश्यक है। करीब दो मीटर की दूरी बनाकर व्यायाम करें तो मास्क लगाने की जरूरत नहीं है। कपडे का मास्क पहनकर कर सकते हैं व्यायाम डॉ अंबुज रॉय ने बताया कि सर्जिकल मास्क या कपड़े के मास्क में सांस लेने में कोई परेशानी नहीं होती। ये मास्क पहनकर व्यायाम किया जा सकता है। फिर भी कोशिश होनी चाहिए कि मास्क पहनकर हल्का व्यायाम करें।