महिला ने सोशल मीडिया पर डाली तस्वीर और जिंदगी में मच गया घमासान
न्यू उस्मानपुर इलाके में एक महिला को सोशल मीडिया पर अपनी फोटो अपलोड करना इतना भारी पड़ गया कि उसके पूर्व पति ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दिल्ली, जेएनएन। न्यू उस्मानपुर इलाके में एक महिला को सोशल मीडिया पर अपनी फोटो अपलोड करना भारी पड़ गया। उसके पूर्व पति ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। काफी समय पहले दोनों का तलाक हो चुका है, लेकिन पूर्व पति ने महिला के जीवन में दखल देना बंद नहीं किया। मंगलवार को आरोपित ने महिला के घर में घुसकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
उसने महिला के चेहरे, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार कर मौके से भाग गया। जख्मी हालत में महिला को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसको 50 से अधिक टांके लगे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, महिला माता-पिता के साथ न्यू उस्मानपुर इलाके में रहती है। 2009 में महिला की शादी गौतमपुरी में रहने वाले शहजाद नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद चलता रहा।
2014 में दोनों ने मर्जी से तलाक ले लिया। महिला माता-पिता के साथ रहने लगी। वहीं तलाक के बाद आरोपित शहजाद ने दूसरी शादी कर ली और उसके बच्चे भी हो गए। उसकी पूर्व पत्नी घर से बाहर कही निकलती तो उसे बुरा लगता था। महिला अपनी फोटो फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया पर डालती तो भी आरोपित उसे फोन कर ऐसा करने से मना करता था।
महिला जब आरोपित से कहती थी कि वह उसके जीवन में दखल न दे तो उसे धमकियां देता था। मंगलवार शाम को महिला अपने घर पर थी। उसी वक्त आरोपित वहां पहुंचा और महिला से कहा कि फेसबुक पर से अपलोड किए गए फोटो को वह डिलीट कर दे।
इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपित ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपित ने उसे दो दिन पहले जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।