BREAKING: गो एयर के विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग, खतरे में थी 50 यात्रियों की जान
दिल्ली के एयरपोर्ट पर गो एयर के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। यह विमान दिल्ली से वाराणसी जा रहा था।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली के एयरपोर्ट पर गो एयर के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। यह विमान दिल्ली से वाराणसी जा रहा था। गो एयर के विमान जी 8-186 के इंजन में उड़ान भरते ही खराबी आ गई। इसका दाहिना इंजन काम करना बंद कर दिया इसके बाद इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
इस प्लेन में करीब 50 यात्री सवार थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एयरपोर्ट के कर्मचारियों ने इस प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग को सुरक्षित तरीके से करवा लिया। इस लैंडिंग में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
विमान में खराबी की सूचना के बाद ही इसे वापस दिल्ली बुला लिया गया और लैंडिंग कराई गई। गोएयर इंजीनियरिंग टीम द्वारा विमान का निरीक्षण और सुधार किया जा रहा है। यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया जा रहा है ताकि उन्हें अपने स्थान पर पहुंचाया जा सके। इस असुविधा के लिए गोएयर ने खेद जताया है।
बता दें कि बेंगलुरु से मुबंई जा रही एक फ्लाइट की सोमवार को भी इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। विमान के पायलट ने एयर सिस्टम में खराबी बता कर लैंडिंग के लिए परमिशन मांगी जिसके बाद इसे मुबंई में लैंड कराने की इजाजत मिली। विमान को रात आठ बजकर 29 मिनट पर सुरक्षित उतारा गया। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल या हताहत नहीं हुआ।