दिल्ली से सटे इस शहर में मिला ट्रांसमीटरयुक्त बाज, मचा हड़कंप
फरीदाबाद के भनकपुर गांव में एक बाज के पंजे में इलेक्ट्रानिक डिवाइस लगा हुआ मिला है। इसके बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
फरीदाबाद, जेएनएन। दिल्ली से सटे फरीदाबाद के भनकपुर गांव में उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया जब ग्रामीणों ने खेत में एक बाज के पंजे में इलेक्ट्रानिक डिवाइस देखा। ग्रामीणों के अनुसार खेत में एक बाज मृत मिला है जिसके पंजे में एक डिवाइस लगा था। बाद में पता चला कि यह ट्रांसमीटर बंधा एक टैग था। इसके बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
देश में इस समय वर्तमान माहौल को देखते हुए ग्रामीण चौंक गए। ग्रामीणों ने तुरंत सरपंच सचिन मंडोतिया को सूचित किया। बता दें कि यह भनकपुर गांव पृथला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
सरपंच ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच में पाया कि बाज के पंजों पर जो टैग लगा है, उस पर बोंबे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी अंकित है। पुलिस ने नेशनल वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को इस बाबत सूचित कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि हाल में ही पाक की तरफ से भारत में घुसपैठ की हर संभव कोशिश की जा रही है। जिसे भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। बीते दिन पाक का एक ड्रोन भारत ने मार गिराया था।