डीयू में स्नातक प्रथम वर्ष का अकादमिक कैलेंडर जारी, 22 नवंबर से संचालित होंगी कक्षाएं
दिल्ली विश्वविद्यालय(डीयू) ने स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों का अकादमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रथम वर्ष की कक्षाएं 22 नवंबर से चलेंगी। प्रायोगिक परीक्षाएं 21 मार्च से 6 अप्रैल 2022 तक होंगी। डीयू ने बताया कि सेमेस्टर ब्रेक महज तीन दिन का तीन से छह अप्रैल का होगा।
नई दिल्ली [संजीव कुमार मिश्र]। दिल्ली विश्वविद्यालय(डीयू) ने स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों का अकादमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रथम वर्ष की कक्षाएं 22 नवंबर से चलेंगी। प्रायोगिक परीक्षाएं 21 मार्च से 6 अप्रैल 2022 तक होंगी। डीयू ने बताया कि सेमेस्टर ब्रेक महज तीन दिन का तीन से छह अप्रैल का होगा। प्रथम वर्ष के छात्रों का दूसरा सेमेस्टर सात अप्रैल 2022 से शुरू होगा। प्रायोगिक परीक्षाएं 26 जुलाई से चार अगस्त 2022 तक होंगी। जबकि परीक्षाएं पांच से 22 अगस्त तक होंगी। सेमेस्टर ब्रेक 23 से 25 अगस्त तक होगा।
डीडीएमए के निर्देश से खोलेंगे डीयू
डीयू कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता ने कहा है कि डीडीएमए से दिशानिर्देश मिलने के बाद ही खोला जाएगा। एक बार जब सभी छात्रों को बुलाने की इजाजत मिलेगी तो परिसर खोले जाएंगे। वहीं डीयू खोलने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों का कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। दूर दराज इलाकों में रहने वाले छात्र इंटरनेट की समस्या से जूझते हैं। बड़ी संख्या में छात्रों के पास लैपटॉप, स्मार्टफोन भी नहीं है।