New MV Act: घट गई शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की संख्या, जानें किनका हुआ सबसे ज्यादा चालान
New MV Act के बाद से दिल्लीवासियों में भारी चालान का डर दिख रहा है। अब सड़कों पर लोगों का शराब पीकर गाड़ी चलाना कम हो गया है। वहीं कई अन्य आंकड़े सामने अाए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। New MV Act: केंद्र सरकार द्वारा एक सितंबर से लागू किए गए नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की धनराशि बढ़ने के बाद सबसे अधिक चालान राजधानी में बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चलाने वालों के किए गए हैं। एक से पांच सितंबर तक इनकी संख्या चार हजार को पार कर गई। वहीं लाल बत्ती जंप करने के मामले में करीब ढाई हजार चालान किए गए हैं। सबसे कम चालान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के हुए हैं। इनकी संख्या सिर्फ 254 है।
सबसे ज्यादा चालान दोपहिया वाहन चालकों के
यातायात पुलिस की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों में बताया गया है कि एक सितंबर से पांच सितंबर तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में 9,796 वाहन चालकों के चालान किए हैं। सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चालकों के हुए हैं। इनकी संख्या चार हजार 97 है।
लाल बत्ती जंप करने वाले करीब 2700 लोगों का कटा चालान
वहीं, लाल बत्ती जंप करने के मामले में 2,698 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं। बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले 1,229 चालकों के चालान किए गए हैं। खतरनाक ड्राइविंग के मामले में 1,527 वाहन चालकों के चालान किए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की संख्या में कमी आई है। पांच दिन में यातायात पुलिस ने 254 लोगों के चालान किए हैं।