FASTag: सिर्फ 3 दिन बाकी, गाड़ियों पर फास्टैग नहीं तो 16 जनवरी से देना होगा दोगुना टोल
FASTag आपने वाहन को फास्टैग युक्त नहीं किया है तो आगामी तीन दिन में फास्टैग लगवा लें अन्यथा 16 जनवरी से टोल प्लाजा पर निर्धारित टोल का दोगुना टोल टैक्स देना होगा।
नई दिल्ली/हापुड़ [संजीव वर्मा]। FASTag: यदि अभी तक आपने वाहन को फास्टैग युक्त नहीं किया है तो आगामी तीन दिन में फास्टैग लगवा लें, अन्यथा 16 जनवरी से टोल प्लाजा पर निर्धारित टोल का दोगुना टोल टैक्स देना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (National highway authority of india) द्वारा दी गई छूट को समाप्त होने में महज तीन दिन का समय शेष रह गया है। छिजारसी टोल प्लाजा से जुड़े अभी करीब 16 हजार वाहन बिना फास्टैग युक्त हैं।
देश भर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सभी टोल प्लाजाओं की लेन इलेक्ट्रोनिक टोल कलेक्शन प्रणाली युक्त हो गई है। ऐसे में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक दिसंबर से टोल प्लाजाओं पर फास्टैग की सुविधा की थी। अब वह समय खत्म होने में मात्र तीन का समय रह गया है। वर्तमान में टोल प्लाजाओं पर आधी लेन में फास्टैग युक्त वाहन और आधी सामान्य वाहन निकल रहे थे। 15 जनवरी की रात 12 बजे से सभी लेन कैशलेस कर दी जाएगी। ऐसे में बिना फास्टैग लगे वाहन से टोल पर निर्धारित टोल का दोगुना टैक्स लिया जाएगा।
छिजारसी टोल प्लाजा के प्रबंधक शेषनाथ सिंह ने बताया कि आंकड़ों के मुताबिक टोल प्लाजा पर रोजाना लगभग 42 हजार वाहनों का आवागमन था। वर्तमान में लगभग 26 हजार वाहन फास्टैग युक्त गुजर रहे हैं और 16 हजार वाहन बिना फास्टैग वाले हैं।
रविवार को बिना कैशलेस लेन पर रहा जाम
20 लेन के छिजारसी टोल प्लाजा पर दोनों तरफ फास्टैग और सामान्य वाहनों को दस-दस लेन निर्धारित की गई थी। रविवार को कैशलेस लेन जाम मुक्त रही। सामान्य लेन में वाहनों की लंबी कतार लगी रही। दिन निकलते ही टोल प्लाजा पर सामान्य वाहनों के लिए निर्धारित लेन में वाहनों की गति रुकनी शुरू हो गई और दिनभर जाम लगा रहा।