बर्फीली हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ाई ठिठुरन, नए पश्चिमी विक्षोभ से फिर होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक देश की राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के एनसीआर के शहरों में भी ठंड में इजाफा हुआ है।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। पहाड़ी राज्यों में शुमार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू कश्मीर में जारी बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में ठंड बढ़ा दी है।मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के बाद बफीर्ली हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन में जोरदार इजाफा किया है। ठंड का आलम यह है कि दफ्तरों के साथ घरों में भी लोग ठिठुरते नजर आए। धूप तो निकली, लेकिन बर्फीली हवाओं के असर से वह भी प्रभावी नहीं है। इस बीच नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 18 और 19 को दिल्ली-एनसीआर में फिर हल्की बरसात हो सकती है।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी कम हुई। मौसम विभाग के मुताबिक देश की राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। वहीं, न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी के चलते दिल्ली और इससे सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के एनसीआर के शहरों में ठंड में इजाफा हुआ है।
सुबह दिखा ठंड का असर, पार्कों में नहीं पहुंचे मार्निंग वाक करने वाले
कंपकंपाती ठंड का असर बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली ही नहीं, बल्कि एनसीआर के शहरों में भी दिखा। ठंड के कारण बुजुर्ग मार्निंग वाक के लिए कम ही नजर आए, जबकि युवाओं की संख्या की तुलनात्मक रूप से कम रही। बताया जा रहा है कि ठंड का दौर सप्ताहंत तक जारी रहेगा। अगले सप्ताह इसमें कमी आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबकि, आगामी एक-दिन में दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
उत्तर पश्चिमी हवा ने बढ़ाई गलन
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर पश्चिमी हवा प्रभाव से अब दिल्ली-एनसीआर दिन में भी गलन महसूस हो रही है। वहीं, लगातार चार दिन से पड़ रही घने कोहरे की भी मार लोगों को परेशान कर रही है। पश्चिमी दिल्ली के पालम इलाके में बृहस्पतिवार सुबह घना कोहरा रहा। सुबह 5 बजे के आसपास इस इलाके में विजिबिलिटी 50-100 मीटर के आसपास चली गई, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत पेश आई।
अगले सप्ताह हो सकती है बारिश
एक नया विक्षोभ सक्रिय होने के चलते दिल्ली-एनसीआर में अगले सप्ताह बारिश हो सकती है। दरअसलस नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 18 और 19 को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने के पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो वीरवार को लोहड़ी के अवसर पर यानी बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहेगा और 14 जनवरी से फिर तीन दिन बादल छाए रहेंगे। ठंडी हवाओं के साथ दिन के तापमान में गिरावट आएगी और ठिठुरन रहेगी।
बता दें कि बुधवार को दिल्ली में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 और 08 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आर के जैनामणि ने बताया कि अगले कुछ दिन तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। प्रदूषक तत्व भी फिर से बढ़ने लगे हैं। बादल, प्रदूषण और नमी मिलकर ही कोहरे का कारण बनते हैं। इसलिए अभी कई दिन तक मध्यम से घने स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके बाद 18 जनवरी के आसपास एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से फिर हल्की बारिश होने के आसार हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 ज्यादा 8.2 और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 कम 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि हवा में नमी का स्तर 61 से 97 प्रतिशत पाया गया। इसके साथ ही दोपहर में धूप निकली, लेकिन सर्दी से ज्यादा राहत नहीं मिली.।
उधर, नोएडा में भी बृस्पतिवार को अधिकतम तापमान 20.7 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा।