दीपावली-छठ के कारण नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़, देखें स्टेशन का नजारा
दीपावली-छठ को लेकर यूपी बिहार जाने वालों की संख्या स्टेशन पर काफी बढ़ गई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़ के कारण लोगों की लंबी कतार देखी जा रही है।चार नवंबर को दीपावली है वहीं 10 को छठ है जिसके कारण लोग अपने-अपने घर जाना चाह रहे हैं।
नई दिल्ली /गाजियाबाद [ध्रुव कुमार]। दीपावली-छठ को लेकर स्टेशन पर भीड़ काफी बढ़ गई है। खासकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़ के कारण लोगों की लंबी कतार देखी जा रही है। लोग अपनी ट्रेन के इंतजार में लंबी-लंबी लाइन लगाकर खड़े हैं। वहीं, रेल पुलिस लगातार व्यवस्था बना रही है। चार नवंबर को दीपावली है वहीं 10 नवंबर को छठ है, जिसके कारण लोग अपने-अपने घर जाना चाह रहे हैं। यूपी एवं बिहार में छठ एक महापर्व के तौर पर मनाया जाता है जिसके कारण अधिकतर लोग घर जाते हैं इसलिए इन राज्यों में जाने वाली ट्रेनों में भीड़ ज्यादा बढ़ गई है। यह भी बता दें कि रेलवे ने इसके लिए खास तैयारी कर रखी है। वह यूपी बिहार के लिए पहले से ही कई स्पेशल ट्रेनों को चला कर भीड़ कम करने के प्रयास में है।
हालांकि, रेलवे की तरफ से अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन होने के बाद भी लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में घर जाने और ट्रेन पकड़ने के लिए मारामारी मची हुई है। मंगलवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर लोगों की काफी भीड़ है।
स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ संभालने और सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के लगभग एक हजार जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर अस्थायी प्रतीक्षालय बनाए गए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए यात्रियों की लंबी कतार लगी हुई थी। गोपालगंज जाने वाले यात्री रमेश पांडेय ने बताया कि उनका परिवार हर साल दिल्ली में छठ महापर्व मनाता था, लेकिन इस बार परिवार के साथ गांव जा रहे हैं। दीवाली और छठ का त्योहार मनाने के बाद ही वापस लौटेंगे। वहीं, आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर राजीव राय ने बताया कि दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर कोई खास तैयारी नहीं हो रही है। इसलिए वह परिवार के साथ गांव में त्योहार मनाएंगे।
गाजियाबाद व साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर भी भीड़
दिल्ली से सटे गाजियाबाद और साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। सामान्य दिनों की अपेक्षा आजकल स्टेशन पर कई गुना भीड़ बढ़ गई है। दैनिक यात्री संघ के अध्यक्ष आकाश सक्सेना ने बताया कि हर साल रेलवे की तरफ से अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का दावा किया जाता है। इसके बाद भी त्योहार पर घर जाने वाले लोगों को कोई राहत नहीं मिलती है। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में प्रवेश करने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा भी है। यहां भी व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस फोर्स तैनात थी।