दिल्ली में डेंगू के 8 तो मलेरिया के 3 मरीजों की पुष्टि, बारिश के बाद बढ़ा मच्छरजनित बीमारियों का खतरा
मच्छरजनित बीमारियों को लेकर जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि बीते एक सप्ताह में डेंगू के आठ मरीजों में से एक मरीज उत्तरी निगम क्षेत्र से है तो वहीं दो मरीज पूर्वी निगम क्षेत्र से हैं। दिल्ली कैंट इलाके में इस वर्ष का पहला मरीज सामने आया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बीते दो सप्ताह में बीच-बीच में हुई बरसात से राजधानी में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि इस वर्ष के सर्वाधिक आठ मरीज डेंगू के बीते एक सप्ताह में सामने हैं। डेंगू के अलावा तीन मरीज मलेरिया के तो चिकगुनिया के एक नए मरीज की पुष्टि हुई है। इससे अब डेंगू के कुल मरीजों का आंकड़ा जहां 48 तो मलेरिया का 20 और चिकनगुनिया का 11 हो गया है।
दक्षिणी निगम द्वारा मच्छरजनित बीमारियों को लेकर जारी दिल्ली की रिपोर्ट में बताया गया है कि बीते एक सप्ताह में डेंगू के आठ मरीजों में से एक मरीज उत्तरी निगम क्षेत्र से है तो वहीं दो मरीज पूर्वी निगम क्षेत्र से हैं। वहीं, दिल्ली कैंट इलाके में इस वर्ष का पहला मरीज सामने आया है। इसके अतिरिक्त चार मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुई है। मलेरिया के मरीजों की बात करें तो बीते सप्ताह में दो मरीजों में से एक मरीज दक्षिणी निगम क्षेत्र का है तो दूसरा मरीज पूर्वी निगम क्षेत्र का है। चिनकगुनिया के एक मरीज के पते की पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह है कि मच्छरजनित बीमारियों से इस वर्ष किसी की जान नहीं गई है।
दक्षिणी निगम के अधिकारी ने बताया कि चूंकि बरसात का मौसम है। ऐसे समय में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप फैलने का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए नागरिकों को चाहिए कि वह अपने घरों में छत पर या कूलर में तीन चार दिन से अधिक पानी जमा न होने दे। वहीं पानी की टंकियों को ढककर रखे। उन्होंने बताया कि निगम इस संदर्भ में लगातार जागरुकता अभियान चला रहा है। चारों जोन में इसको लेकर आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशन को जागरुक किया जा रहा है और हैंडबिल भी बांटे जा रहे हैं।
वर्ष-मलेरिया-डेंगू-चिनगुनिया
2016-90-90-0
2017-150-118-140
2018-88-49-35
2019-83- 34-19
2020-40-28-16
2021-20-48-11