दिल्ली के नामी अस्पताल के डॉक्टर पर गंभीर आरोप, युवती से 5 महीने तक कई बार किया दुष्कर्म
पीड़िता का कहना है कि दुष्कर्म के बाद बेहोशी का फायदा उठाकर डॉक्टर ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। फिर ब्लैकमेल करके लगातार दुष्कर्म करता रहा।
नई दिल्ली, जागरण संवादाता। दिल्ली के नामी अस्पताल सफदरजंग के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने एक महिला एमआर को पढ़ाई कराने के बहाने से बुलाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपित ने महिला को अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच महीने तक ब्लैकमेल किया और कई बार दुष्कर्म किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्जकर डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित डॉक्टर के मोबाइल व अन्य सामानों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने 13 अक्टूबर को पुलिस को मामले की शिकायत दी थी जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह एक दवाई कंपनी में फील्ड सेल्स मैनेजर का काम करती है। जिसके चलते उसे अक्सर सफदरजंग अस्पताल जाना होता था। वहीं आरोपित डॉक्टर रवि प्रकाश वर्मा अस्पताल में सर्जरी विभाग में जूनियर रेजिडेंट है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि अस्पताल में हुई कई मुलाकातों के बाद दोनों की दोस्ती हो गई और दोनों फोन पर बात करने लगे। इस बीच डॉक्टर ने युवती को सरकारी नौकरी की तैयारी करने की सलाह देकर पढ़ाई करने में मदद की बात कही। डॉक्टर ने कहा कि वह उसे पढ़ा देगा। इसके बाद 10 मई को युवती पढ़ाई के लिए डॉक्टर के अर्जुन नगर स्थित घर पर पढ़ाई करने के लिए गई तो डॉक्टर ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को बेहोश कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता का कहना है कि दुष्कर्म के बाद बेहोशी का फायदा उठाकर डॉक्टर ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। जिसके बाद से वह लगातार युवती को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म कर रहा था। आखिर में युवती ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की शिकायत दी।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक