दिल्ली में संदिग्ध हालात में महिला डॉक्टर की मौत, पति व जेठ गिरफ्तार
मायके वालों ने बताया कि ससुराल के लोग प्रियंका को दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करते थे। इसके चलते पति पत्नी के बीच रिश्ते तनावपूर्ण होते चले गए।
नई दिल्ली, जेएनएन। माडल टाउन इलाके में महिला डॉक्टर ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकशी कर ली। मृतका की पहचान प्रियंका सिंघल (33) के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के चलते हुई मौत सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर महिला के पति आशय (35) व जेठ अनुभव (41) को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि मृत महिला डॉक्टर के गले पर चोट के निशान मिले हैं, ऐसे में उनके मायके वालों का आरोप है कि प्रियंका की हत्या की गई है।
डॉ. प्रियंका पति आशय व बेटी तोषाणी (5) और ढ़ाई साल के बेटे तृषण के साथ मॉडल टाउन इलाके की सीसी कॉलोनी में रहती थीं। परिवार में प्रियंका के सास-सुसर, जेठ-जेठानी के अलावा एक शादीशुदा ननद भी है। मृतका के परिजनों के अनुसार प्रियंका पिछले नौ सालों से सब्जी मंडी के घंटा घर में बतौर डेंटिस्ट खुद का क्लीनिक चलाती थीं और उनकी शादी छह साल पूर्व सीसी कॉलोनी निवासी आशय से हुई थी। वर्तमान में आशय गाजियाबाद स्थित एक चीनी मिल में बतौर इंजीनियर तैनात हैं।
मायके वालों ने बताया कि ससुराल के लोग प्रियंका को दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करते थे। इसके चलते पति पत्नी के बीच रिश्ते तनावपूर्ण होते चले गए। पुलिस के अनुसार सोमवार तड़के करीब चार बजे आशय उठा तो उसने प्रियंका को कमरे में फांसी के फंदे से झूलता हुआ पाया। इसके बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ प्रियंका को विनायक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जिम्मेदारी इलाके के एसडीएम को दे दी गई है।