Delhi Weather Update: बदलने वाला है मौसम का हाल, अब बढ़ेगा कोहरा और होगी बारिश, जानें सबकुछ
Delhi Weather Forecast मौसम विभाग के अनुसार रविवार के दिन बादल छा सकते हैं। मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। ज्यादातर जगहों पर मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्लीवालों की रविवार सुबह हल्की ठंड के साथ हो रही है। हल्की गुनगुनी धूप देख कर लोग राहत की सांस ले रहे हैं। वहीं मौसम में अभी ज्यादा ठंड महसूस नहीं हो रही है इस कारण दिल्ली एवं एनसीआर में शनिवार को दिनभर धूप निकलना था। इसकी वजह से ठंड से लोगों को राहत मिली। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा के साथ 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
12 किलोमीटर के रफ्तार से चली हवा
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसद और न्यूनतम स्तर 53 फीसद दर्ज हुआ। शनिवार को दिनभर 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली।
छा सकते हैं बादल
मौसम विभाग के अनुसार रविवार के दिन बादल छा सकते हैं। मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। ज्यादातर जगहों पर मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने की उम्मीद है।
सात और आठ जनवरी को हो सकती है बारिश
इसके अलावा 7 से 8 जनवरी के दौरान दिल्ली और आस पास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है। दो दिनों में 20 से 25 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है।
तापमान में फिर से होगी गिरावट
मौसम विभाग के विज्ञानी कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर भारत में 6 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ पैदा देगा। इससे उत्तर भारत समेत दिल्ली के मौसम में भी परिवर्तन आएगा। 6 जनवरी की रात से दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं। जिसके बाद 7 और 8 जनवरी को बारिश होने की संभावना है क्योंकि उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी होगी। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी वाली हवा दिल्ली में दस्तक देगी। जिससे बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 7 से 10 जनवरी के दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।