Delhi Weather Update: फिर बढ़ी सर्दी, ठंडी हवा ने बढ़ाई दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन
दिल्ली गाजियाबाद और फरीदाबाद में मौसम साफ है। हालांकि ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर में रविवार की सुबह काफी ठिठुरन भरी हुई है। ठंडी हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठंड के बढ़ने का एहसास करा दिया है। हालांकि मौसम साफ है और घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद में मौसम साफ है। हालांकि ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है। दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई जा रही है।
इधर, राजधानी में शनिवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। धूप भी ज्यादा नहीं निकली। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम के साथ 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 और न्यूनतम स्तर 65 फीसद दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को सुबह घना कोहरा छाएगा। इसके बाद मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 21 जनवरी को हल्की बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर की दिशा से नमी वाली हवा दिल्ली की तरफ दस्तक देगी। जिसके कारण मौसम में परिवर्तन आएगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ फिर से उत्तर भारत में दस्तक दे सकता है। जिससे मौसम में बदलाव होगा।
दिल्ली में सफदरजंग एरिया में लगे एयर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार प्रदूषण रविवार को पीएम 2.5 201 और पीएम 10 का स्तर 207 है, जो खराब की श्रेणी में आता है। बता दें कि कुछ एरिया में अभी भी सड़कें खराब और टूटी होने के कारण ही सड़कों पर काफी धूल दिखता है। खासकर गाजियाबाद के वसुंधरा में यह काफी ज्यादा नजर आता है।