Delhi Weather Forecast: कल से बढ़ने वाली है ठंड, अधिकतम-न्यूनतम तापमान में आएगी अभी और गिरावट
मंगलवार को आसमान साफ था लेकिन सुबह से ही हवा तेज चल रही थी। इससे धूप में भी ठंड का एहसास होता रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अध्रिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नई दिल्ली, संजीव गुप्ता। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और राजधानी में चल रही तेज हवा से ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। दिल्लीवासियों को न केवल दिल्ली की सर्दी का एहसास होने लगा है बल्कि उनके गर्म कपड़े भी निकलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अब इस ठंड में धीरे धीरे इजाफा ही होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे और गिरावट आएगी।
मंगलवार को आसमान साफ था, लेकिन सुबह से ही हवा तेज चल रही थी। इससे धूप में भी ठंड का एहसास होता रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अध्रिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 53 से 96 फीसद रहा। मुंगेशपुर, पालम और जाफरपुर सबसे ठंडे इलाके रहे। यहां अधिकतम तापमान क्रमश: 24.3, 26.6 एवं 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से हवा का रुख उत्तर पश्चिमी हो जाएगा। यही उत्तर पश्चिमी हवा पहाड़ों की ठंडक को दिल्ली लेकर आएगी और यहां ठंड बढ़ाएगी। वहीं स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार बुधवार से शुक्रवार तक एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी दोनों हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी नजर आएगा। दिल्ली में भी ठंड बढ़ेगी और अधिकतम एवं न्यूनतम दोनों ही तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
प्रदूषण से बेहाल दिल्ली को मिल रही थोड़ी राहत
बता दें कि दिल्ली में दीपावली के बाद प्रदूषण अपने चरम पर पहुंच गया था। हालांकि उसके बाद हुई बारिश से दिल्ली-एनसीआर वासिसों को थोड़ा आराम जरूर मिला है। इधर निगम पार्षद कमलजीत सहरावत ने कहा कि इस समय प्रदूषण से निपटना सबसे ज्यादा जरूरी है। ऐसे में इलाके में पानी के छिड़काव पर जोर दिया जा रहा है। नगर निगम की ओर से टैंकर के माध्यम से इलाके के पेड़-पौधों की साफ -सफाई की जा रही है। साथ ही लोगों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वे कोई भी ऐसा कार्य नहीं करें जिससे कि प्रदूषण फैले। वातावरण को स्वच्छ व सुंदर रखने के लिए निगम हरसंभव कार्य कर रहा है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो