Delhi Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय तूफान से दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, चलेगी लू-पड़ेगी भीषण गर्मी
Delhi Weather Forecast हफ्तेभर तक इसी तरह से गर्मी बढ़ेगी। इस दौरान लू भी चल सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा रह सकता है।
नई दिल्ली [राहुल मानव]। Delhi Weather Forecast: दिल्ली में फिर से मौसम ने करवट ली है और इसका असर तापमान पर नजर आ रहा है। मौसम में आए परिवर्तन के कारण शनिवार को दिन भर धूप छाई रही। दिल्ली के सफदरजंग एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा के साथ 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज होकर 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम के साथ 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को हवा में नमी का अधिकतम स्तर 68 फीसद और न्यूनतम नमी का स्तर 18 फीसद दर्ज हुआ। इससे पहले 9 मई के दिन अधिकतम तापमान सफदरजंग एयरपोर्ट पर 40.9 डिग्री और पालम में 42.2 डिग्री दर्ज हुआ था।
मौसम में क्यों आया बदलाव? और आगे कैसा रहेगा मौसम? इसको लेकर स्काइमेट वेदर के प्रमुख मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि अब एक हफ्ते तक इसी तरह से गर्मी बढ़ेगी। इस दौरान लू भी चल सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा रह सकता है। इसका कारण है कि बीते दिनों से जो लगातार उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ आ रहे थे। वह अब नहीं आएंगे। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली के पास के राज्यों में जो चक्रवाती हवा की मौसम की गतिविधियां बन रही थीं। वह भी अब नहीं बनेगी। इसके अतिरिक्त बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवा दिल्ली की तरफ पहले आ रही थी। वह भी अब नहीं आएगी क्योंकि वहां पर एक समुद्री तूफान सक्रिय हो गया है। जिसके असर से कुछ दिनों तक वहां से दिल्ली की तरफ नमी नहीं आएगी।
वहीं, मौसम विभाग ने अनुसार रविवार को दिन भर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से धूल भरी आंधी भी चलने की आशंका है। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्यम श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण का स्तर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के प्रदूषण मॉनिट¨रग स्टेशन में दिल्ली का एयर इंडेक्स 179 दर्ज हुआ। यह मध्यम श्रेणी में रह। वहीं एयर इंडेक्स फरीदाबाद का 120, नोएडा का 158 , गुरुग्राम का 194 और ग्रेटर नोएडा के 152 दर्ज हुआ। यह सभी मध्यम श्रेणी में रहा। वहीं गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 208 रहा और यह खराब श्रेणी में रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बीते दिनों की तुलना में दिल्ली का प्रदूषण ज्यादा दर्ज हुआ है।