Delhi Violence: 4 दिन की पुलिस रिमांड पर सलमान, IB अफसर की हत्या में सामने आया लिंक
Delhi Violence उत्तर पूर्वी दिल्ली में 24-25 फरवरी को हुई हिंसा में गिरफ्तार सलमान को दिल्ली की कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
नई दिल्ली, एजेंसी। Delhi Violence : उत्तर पूर्वी दिल्ली में 24-25 फरवरी को हुई हिंसा में गिरफ्तार सलमान को दिल्ली की कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। सलमान को बृहस्पतिवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी की हत्या (murder of Intelligence Bureau (IB) officer Ankit Sharma) के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
सलमान मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है और यमुनापार में सुंदरनगरी में किराये पर रहता था। जांच के दौरान अंकित की हत्या में उसके शामिल होने की बात सामने आई थी।
सूत्रों के मुताबिक, सलमान से पूछताछ में सेल को कई अहम जानकारियां मिली हैं। दिल्ली पुलिस का दावा है कि अंकित की हत्या से पहले उन्हें निर्वस्त्र करके उनके धर्म को पुख्ता किया गया था। इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। दंगाइयों ने अंकित के साथ दो अन्य युवकों को भी पकड़ा था। हालांकि, दोनों उनके चंगुल से छूटकर भागने में सफल हो गए थे। इस पर दंगाइयों ने पूरा गुस्सा अंकित शर्मा पर उतार दिया और उनकी न सिर्फ हत्या की, बल्कि उनके शव को पहले घसीटा फिर डंडे से उठाकर गंदे नाले में फेंकने का प्रयास किया। डंडे से नहीं उठने पर कुछ लोगों ने मिलकर शव को उठाया और फिर जाली के ऊपर से नाले में फेंक दिया था।
दंगे में अब तक 215 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने उत्तर पूर्वी जिले में हुए दंगे में अब तक कुल 215 दंगाइयों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, 3125 लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिले में कुल 12 थाना क्षेत्रों में दंगे हुए थे। इनमें अब तक 712 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें 51 मुकदमे आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। आर्म्स एक्ट में अब तक 54 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। अन्य की तलाश की जा रही है।
बता दें कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा में अब तक 53 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।