Delhi Traffic News: संसद मार्ग से जय सिंह रोड तक वन वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू
एसबीआइ लेन पर संसद मार्ग से जय सिंह रोड तक सुबह 9 से रात 9 बजे तक सभी वाहनों के लिए वन वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
नई दिल्ली [राहुल चौहान]। एसबीआइ लेन पर वाहनों के भारी दवाब के कारण यहां से निकलने में वाहन चालकों और अन्य यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक (आधुनिकीकरण) सत्यवान गौतम ने एक नया आदेश जारी किया है।
सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक वन वे ट्रैफिक
आदेश के मुताबिक एसबीआइ लेन पर संसद मार्ग से जय सिंह रोड तक सुबह 9 से रात 9 बजे तक सभी वाहनों के लिए वन वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। गौतम के मुताबिक एसबीआई लेन पर यातायात की गति को नियंत्रित करना आवश्यक है, ताकि यातायात के सुचारू रूप से संचालन के साथ ही वाहन चालकों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने आगे बताया कि जल्दी ही संबंधित एसेंजी द्वारा मार्ग पर यात्रियों को आदेश की सूचना देने के लिए बोर्ड भी लगाए जाएंगे। साथ ही यह आदेश आधिकारिक गजट में आम जनता की जानकारी के लिए और दिल्ली के सभी जिला पुलिस उपायुक्तों और सभी पुलिस स्टेशनों के कार्यालय के सूचना पट्टों पर एक प्रति चिपकाकर प्रकाशित किया जाएगा।
इधर, बता दें कि दिल्ली में हल्की बारिश से ही जाम की समस्या आम हो जाती है। लोगों को इस कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बीते दिन सोमवार को भी कमोबेश दिल्ली की अधिकतर सड़कों का यही हाल देखने को मिला।
सोमवार दोपहर बाद हुई बारिश ने गर्मी व उमस से कुछ राहत दी, लेकिन इस कारण शाम को कई मार्गो पर जाम की समस्या गहरा गई है। हालांकि, जलभराव की शिकायत पिछली बारिश के मुकाबले कम रही। देर शाम कनॉट प्लेस, आइटीओ, धौला कुआं, विकास मार्ग, कोंडली, दरियागंज, आश्रम, मथुरा रोड, द्वारका, उत्तम नगर, कश्मीरी गेट, करोलबाग, नजफगढ़ सहित अन्य जगहों पर घंटों जाम की समस्या रही। दक्षिणी दिल्ली में कई जगह पर जलभराव से कई वाहन खराब हो गए। जाम की सबसे बुरी हालत सराय कालेखां, आश्रम चौक, नेहरू प्लेस, आउटर रिंग रोड, रिंग रोड सहित कई अन्य दूसरे इलाकों में देखने को मिली।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो