दिल्ली के स्कूलों में विद्यार्थियों ने निकाली सुंदर झांकियां, 14 वर्ष का वनवास काटकर अवध लौटे भगवान राम
यमुनापार के स्कूलों में दीपावली का पर्व खूब धूमधाम से मनाया गया। कहीं विद्यार्थियों ने राम लक्ष्मण सीता हनुमान की वेशभूषा में सुंदर झांकी निकाली तो कहीं स्कूलों में दीया व अन्य सजावटी वस्तुएं बनाने के लिए कार्यशाला का आयोजन हुआ।
नई दिल्ली [रितु राणा] । यमुनापार के स्कूलों में दीपावली का पर्व खूब धूमधाम से मनाया गया। कहीं, विद्यार्थियों ने राम, लक्ष्मण, सीता हनुमान की वेशभूषा में सुंदर झांकी निकाली, तो कहीं स्कूलों में दीया व अन्य सजावटी वस्तुएं बनाने के लिए कार्यशाला का आयोजन हुआ। दीपावली पर स्कूलों को रंग बिरंगी लाइटों व झालरों से सजाया गया। साथ ही शिक्षकों व विद्यार्थियों ने मिलकर सुंदर रंगोली भी बनाई।
मंगलवार को गीता बाल भारती स्कूल में आयोजित दीपावली महोत्सव में विद्यार्थियों ने 14 वर्ष का वनवास काटकर अवध लौटे राम, लक्ष्मण सीता की सुंदर झांकी प्रस्तुत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने राम अवध आए हैं, भरत मिलाप, दीपोत्सव, श्रीराम चंद्र कृपाल भगवन आदि भजनों को की मनमोहक प्रस्तुति भी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य राकेश मलिक ने कहा कि दीपावली पर सभी विद्यार्थियों को मन के अंधकार को ज्ञान के प्रकाश से दूर करने का संकल्प लेना है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रमुख द्वारा विद्यालय की ई पत्रिका गुंजन का विमोचन भी किया गया। उधर, दयालपुर स्थित प्रतिभा दर्पण बाल विद्यालय में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने मिलकर फूलों व गुलाल से सुंदर रंगोली तैयार करके दीपावली पर्व मनाया। प्रधानाचार्या संगम शर्मा ने सभी को सुरक्षित व प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों को चाइनीज सामान के बहिष्कार के लिए किया प्रेरित
दल्लूपुरा स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय ने एक दीपावली के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया। जिसमें प्राइमरी इंचार्ज अर्चना दुआ ने शिक्षिका हेमलता व प्रियंका के सहयोग से अभिभावकों व विद्यार्थियों को घर पर मिठाई, पूजा की थाली और दीये बनाने सिखाए। इस दौरान स्कूल की उप प्रधानाचार्या सुनीता कुमार व अर्चना दुआ ने अभिभावकों को अपने हाथ से बने दीये व थाली भेंट की। कार्यक्रम में शिक्षिका हेमलता व प्रियंका ने भी सहयोग किया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को विदेशी व चाइनीज वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जरूरतमंद बच्चों को बांटा भोजन
प्रियदर्शिनी विहार स्थित लवली पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने दीपावली के उपलक्ष्य में अपनी 'अक्षय पात्र ' परियोजना के तहत भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों व शिक्षकों द्वारा करीब 200 गरीब व जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरण किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्या डा. भावना मलिक ने कहा कि दूसरों को खुशी देने से खुशी व आत्म संतुष्टि की प्राप्ति होती है। इस कार्य का उद्देश्य है कि कोई भूखा ना रहे। साथ ही इस कार्य में भाग लेकर विद्यार्थियों में भी अच्छे मूल्यों का समावेश हो रहा है।