दिल्ली: लड़की की पिटाई के मामले में आया नया मोड़, आरोपी के पिता पर गिरी गाज
पीड़िता को धमकाने के मामले में शामिल होने के शक के आधार पर रोहित के पिता को सस्पेंड किया गया है। आरोपी रोहित तिलक नगर के राम नगर एक्सटेंशन का रहने वाला है
नई दिल्ली (जेएनएन)। देश की राजधानी दिल्ली में युवती की पिटाई का वीडियो वायरल होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी रोहित तोमर के एएसआइ पिता को सस्पेंड कर दिया है। पीड़िता को धमकाने के मामले में कथित रूप से शामिल होने के शक के आधार पर रोहित के पिता को सस्पेंड किया गया है। आरोपी रोहित तिलक नगर के राम नगर एक्सटेंशन का रहने वाला है और उसके पिता दिल्ली पुलिस में एएसआइ के पद पर कार्यरत थे।
दुष्कर्म और धमकी देने का आरोप
पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता भी उत्तम नगर थाने पहुंची थी और बताया था कि वीडियो उत्तम नगर क्षेत्र स्थित एक कॉल सेंटर में बनाया गया था। उसने रोहित पर दुष्कर्म और धमकी देने का आरोप भी लगाया था। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी को दो वर्षों से जानती है। एक दिन रोहित उसे उत्तम नगर स्थित एक कॉल सेंटर में ले गया और वहां उसकी पिटाई की। रोहित उसे दुष्कर्म की बात किसी को बताने पर अंजाम बुरा होने की धमकी देता था। मामले में द्वारका व पश्चिमी जिला पुलिस की दोनों टीमें छानबीन कर रही हैं।
तुम्हारा भी यही हाल कर दूंगा
गौरतलब है कि रोहित के खिलाफ तिलक नगर थाने में 11 सितंबर को एक युवती ने मामला दर्ज कराया था। उसने बताया कि रोहित ने उसे वीडियो भेजा था, जिसमें वह एक लड़की की बुरी तरह पिटाई करता नजर आ रहा था। युवती ने बताया कि रोहित उसे धमकी देता था कि मेरा साथ छोड़ने पर तुम्हारा भी यही हाल कर दूंगा। इसके बाद पुलिस ने रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन उसे जमानत मिल गई थी। इसके बाद रोहित का वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जो उसने धमकी देने के इरादे से युवती को भेजा था।