Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने 2 कांट्रेक्ट किलर को किया गिरफ्तार
बदमाशों का सुराग मिलने पर एसीपी पंकज सिंह की टीम ने गिरफ्तारी के लिए बदमाशों के संभावित ठिकाने पटेल नगर निजामुद्दीन व उत्तर प्रदेश के इलाकों में दबिश दी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने 27 नवंबर को कड़कड़डूमा इलाके से हनी और पंकज को गिरफ्तार कर लिया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो कांट्रेक्ट किलर को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान बलजीत नगर निवासी हनी और मेरठ के रहने वाले पंकज के रूप में हुई है। उनके पास से एक पिस्टल, दो कारतूस सहित वारदात में प्रयुक्त दोपहिया बरामद किया गया है। आरोपितों पर हजरत निजामुद्दीन थाने में हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्ज है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जंगपुरा इलाके में 13 नवंबर को ऑटो पार्ट्स विक्रेता जोगेंद्र सिंह को दो बदमाशों ने गोली मार दी थी। पीठ में गोली लगने के कारण उनकी जान बच गई थी। बाद में पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि उनका चाचा कविंदर के साथ संपत्ति विवाद चल रहा है। विवाद के कारण चाचा ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। चाचा के भेजे दो कांट्रेक्ट किलर आए थे और उन्होंने संपत्ति मामले में उनके दावे को वापस लेने की धमकी दी। जब जोगेंद्र ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी और दोपहिया वाहन से फरार हो गए थे। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता राजू को तो गिरफ्तार कर लिया था। जबकि हमला में शामिल बदमाश फरार चल रहे थे। क्राइम ब्रांच फरार बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
बदमाशों का सुराग मिलने पर एसीपी पंकज सिंह की टीम ने गिरफ्तारी के लिए बदमाशों के संभावित ठिकाने पटेल नगर, निजामुद्दीन व उत्तर प्रदेश के इलाकों में दबिश दी। लेकिन वह नहीं मिले। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने 27 नवंबर को कड़कड़डूमा इलाके से हनी और पंकज को गिरफ्तार कर लिया।
पंकज कुमार पहले मेरठ में खाने-पीने की चीज की दुकान करता था, जबकि हनी करोल बाग में एक कपड़े की दुकान में सेल्स बॉय था। वे अपने साथियों के माध्यम से राजू के संपर्क में आए थे। लॉक डाउन के कारण दोनों का काम बंद था। इसी दौरान राजू ने उन्हें 15 लाख रुपये के बदले पीडि़त को मारने का कांट्रेक्ट दिया था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो