रेहड़ी से दिन दहाड़े आम लूटने वाले तीन को पुलिस ने दबोचा, कोरोना का डर दिखाकर की थी लूट
युवक उसे कोरोना का नाम लेकर डराने लगे। डर के मारे पीड़ित और उसके साथी वहां से भाग गए इसके बाद युवकों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि फल लूटाे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। जगतपुरी इलाके में सरेआम एक फल बेचने की रेहड़ी लगाने वाले को डरा धमकाकर आम लूटने का मामला सामने आया था। इसकी वीडिया सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर तीन लाेगों को धर दबोचा है। इनकी पहचान गीता कॉलोनी के रहने वाले मुकेश, राकेश और युवराज के रूप में हुई है। पुलिस बाकि लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने कहा कि भीड़ रेहड़ी व पटरी पर रखी फल की करेट से आम लूट रही थी, भीड़ में शामिल होकर उन लोगों ने भी फल लूट लिए थे।
पीड़ित आसिफ गीता कॉलोनी के चंदर नगर में अपने साथियों के साथ फल की रेहड़ी लगाते हैं। इन दिनों वह आम रेहड़ी पर आम बेच रहे हैं। आसिफ ने बताया कि गत 20 मई को कुछ युवक उनके पास आए और उनसे कहने लगे की तुम जैसों ने ही कोरोना फैलाया हुआ है। आगे से इस जगह पर रेहड़ी नहीं लगनी चाहिए, उसमें से कुछ युवकों पीड़ित के साथ अभ्रदता करने लगे। युवक उसे कोरोना का नाम लेकर डराने लगे। डर के मारे पीड़ित और उसके साथी वहां से भाग गए, इसके बाद युवकों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि फल लूटाे। इसके बाद वहां आसपास जितने लोगों खड़े थे वह रेहड़ी पर रखे फल को लूटने लगे, उन्हें देखकर वाहन चालक भी रूक गए और उन्होंने भी आम लूटे। किसी ने लूटपाट की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी।
कुछ लोगों ने पीड़ित की सहायता की
पहले तो पीड़ित पुलिस के पास जाने से डरने लगा, उसके बाद उसके साथियों ने उसे हिम्मत दी और उसने थाने जाकर केस दर्ज करवाया। पुलिस ने वीडियो देखकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर कुछ लोगों ने आगे आकर पीड़ित की आर्थिक सहायता भी की। लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लोगों में संवेदना मर गई है, एक गरीब रेहड़ी वाले के आम तक लूट रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि बड़ी मुश्किल से उसने पैसे इकट्ठा करके लॉकडाउन में फल की रेहड़ी लगानी शुरू की है, लोगों ने उसे भी लूट लिया। लूटपाट के दो दिन तक उसने रेहड़ी नहीं लगाई।