दिल्ली पुलिस ने दो बड़े ड्रग तस्करों को किया गिरफ्तार, ट्रक में ले जा रहे थे 315 किलो गांजा
आरोपित आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी इलाके से ट्रक में भर कर गांजा ला रहे थे। दोनों आरोपितों की पहचान नासीर निवासी मेरठ और साजिद निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी की है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी इलाके से ट्रक में भर कर गांजा ला रहे थे। दोनों आरोपितों की पहचान नासीर निवासी मेरठ और साजिद निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 315 किलो गांजा बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एएसआइ राजबीर सिंह को दोनों आरोपितों के बारे में सूचना मिली थी।
सूचना पर इंस्पेक्टर पंकज अरोड़ा के नेतृत्व में पुलिस ने टीम ने ट्रक के साथ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी इलाके से ट्रक में भरा गया था। और गाजियाबाद के एक प्रमोद नाम के व्यक्ति के पास सप्लाई होना था। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।