हत्या और अपराध के 24 मामलों में शामिल कुख्यात को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया है जिसके खिलाफ अलग-अलग थाना में हत्या हत्या का प्रयास व लूटपाट इत्यादि के मामले दर्ज हैं। इनमें 11 मामले में दोषी ठहराया जा चुका है।
नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। दिल्ली पुलिस की अपराधा शाखा ने हत्या और अपराध के 24 मामले में शामिल कुख्यात बदमाश आरिफ मोहम्मद उर्फ अकरम को गिरफ्तार किया है। तुर्कमान गेट निवासी बदमाश के पास से एक पिस्टल और छह कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपित के खिलाफ अलग-अलग थाने में हत्या, हत्या का प्रयास व लूटपाट इत्यादि के मामले दर्ज हैं। इनमें 11 मामले में उसे दोषी भी ठहराया जा चुका है। पुलिस अब आरोपित के साथियों की तलाश में जुट गई है।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी राकेश पावरिया ने बताया कि पुलिस लगातार कुख्यात अपराधियों पर नजर रख रही है। वहीं, सक्रिय बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दौरान पता चला कि कई मामले का आरोपित बदमाश आरिफ मोहम्मद यमुना पार इलाके में आने वाला है। इसकी जानकारी के बाद ही इंस्पेक्टर विजय त्यागी की टीम ने गाजीपुर मंडी के समीप से उसे धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से हथियार इत्यादि बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि आरिफ मूल रूप से उत्तर प्रदेश (यूपी) के बुलंद शहर का रहने वाला है। वर्ष 1995 में खुर्जा निवासी शरीफ की हत्या में उसे गिरफ्तार किया गया था।
बाद में वह दिल्ली आकर ओखला मंडी में सब्जी बेचने का काम करने लगा था। इसी दौरान हुए झगड़े में उसने वर्ष 2015 में ही हरिक नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गिरफ्तारी के बाद जेल में उसकी मुलाकात अनिल चौहान नाम के कुख्यात वाहन चोर से हुई थी। जेल से निकलने पर अनिल के साथ मिलकर वह वाहन चोरी करने लगा था। वर्ष 2003 में आरिफ और अनिल गिरफ्तार किए गए थे। जेल से बाहर आने के बाद वर्ष 2013 में उसने अपने भाई व अन्य साथियों के साथ मिलकर अकरम उर्फ पंजाबी की हत्या कर दी थी। जेल से छूटने के बाद वह दोबारा सब्जी बेचने लगा था। इसी दौरान अलग-अलग थाना पुलिस ने फिर उसे हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार किया था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो