जासूसी के शक में चीनी नागरिक गिरफ्तार, भारतीय लड़की से शादी कर बनवा लिया पासपोर्ट
दिल्ली पुलिस ने एक चीन के नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड भी बरामद किया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली पुलिस ने एक चीन के नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड भी बरामद किया है। हालांकि, इस चीनी नागरिक की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस ने 13 सितंबर को की थी, इसका नाम चार्ली पेंग है। पुलिस ने हैरान करने वाली जानाकारी दी है कि चार्ली पेंग 5 साल से भारत में रह रहा है। पुलिस को ये भी शक है कि इसके तार हवाला कारोबारियों के साथ जुड़े हो सकते हैं। पुलिस सबूत जुटाने में जुटी है।
पेंग के पास से भारतीय पासपोर्ट के अलावा आधार कार्ड भी बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी चार्ली पेंग के पास से एक फॉर्च्यूनर कार, साढ़े तीन लाख भारतीय करेंसी, 2000 हजार डॉलर और 22 हजार थाई करेंसी मिली है।
वहीं, चीनी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस इस बात भी की जांच कर रही है कि आखिर कैसे इस व्यक्ति के पास भारत का पासपोर्ट और आधार कार्ड आया?, वह 13 सितंबर के बाद से ही पुलिस कस्टडी में है।
वहीं, चीनी नागरिक चार्ली के भारत में रहने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खास कर ऐसे समय में जब भारत के साथ चीन के संबंध अच्छे नहीं है।
उत्तर-पूर्व के राज्य मणिपुर से जारी हुआ है चीनी नागरिक का पासपोर्ट
फिलहाल जो प्राथमिक जानकारी सामने आ रही है कि उसके मुताबिक, चार्ली का पासपोर्ट मणिपुर से जारी किया गया है, जबकि आधार कार्ड में पता दिल्ली के द्वारका इलाके का है।
बताया जा रहा है कि चार्ली हरियाणा के गुरुग्राम के पॉश इलाके डीएलएफ में रह रहा था और वहीं से अपनी कंपनी चला रहा था। हैरानी की बात है कि स्थानीय पुलिस इस सबसे अनजान रही।
मणिपुर की लड़की से की थी शादी
चार्ली ने मणिपुर में एक भारतीय लड़की से शादी की है और फिर बड़ी चालाकी से वह मणिपुर से पासपोर्ट बनवाने में भी कामयाब हो गया। बताया जा रहा है कि वह मनी एक्सचेंज का काम भी करता था।
चीनी नागरिकों ने नशे में धुत होकर उत्तर प्रदेश की मेरठ में दौड़ाई थी कार
इससे पहले दिल्ली से सटे यूपी के मेरठ में पिछले सप्ताह पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के मीट प्लांट का भ्रमण करने के बाद चीनी नागरिकों ने नशे में धुत होकर सड़क पर फॉर्च्यूनर को तेज रफ्तार में दौड़ाई थी। अनियंत्रित वाहन की चपेट में आकर करीब एक दर्जन लोग घायल थे। लोगों के हंगामा करने के बाद पुलिस ने चीन के नागरिकों के साथ गाइड को भी अपनी हिरासत में लिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, मेरठ के नौचंदी क्षेत्र में 16 सितंबर की देर रात नशे में धुत चीनी नागरिकों ने सड़क पर फॉर्च्यूनर दौड़ा दी थी। बेकाबू कार ने आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मारी, जिसमें स्टेशनरी व्यापारी और उनकी पत्नी-बेटी सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। भीड़ ने घेराबंदी कर हंगामा किया था।
बताया जा रहा है कि चीन के हुनान प्रांत के निवासी जू और शाया मेरठ के मंगल पांडेय नगर में बीते कुछ दिन से रह रहे थे। वह यहां मीट निर्यात फैक्ट्री से कारोबारी डील के सिलसिले में रुके हुए थे। चीनियों की सफेद रंग की फार्च्युनर कार दिल्ली नंबर की थी। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया था कि हादसे के वक्त चीनी नागरिक शराब के नशे में धुत थे और उनके शरीर पर नाममात्र को ही कपड़े थे।
वहीं, इसी साल फरवरी महीने में दिल्ली एयरपोर्ट पर 91.88 लाख रुपये की कीमत के सोने के साथ चीनी नागरिक गिरफ्तार किया गया था। आरोपी शख्स की गिरफ्तारी 21 फरवरी को हुई थी। गिरफ्तार किया गया चीनी नागरिक हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आया था।
एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 317 से ये शख्स दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। ऐसे में माना जा रहा है कि चीनी नागरिक चार्ली की हालिया गिरफ्तारा की लिंक तस्करी से भी हो सकता है।