दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने दी कोरोना को मात, अस्पताल से हुए डिस्चार्ज
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन कोरोना से ठीक हो गए हैं। शुक्रवार को उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी। इ
नई दिल्ली, रणविजय सिंह। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने कोरोना वायरस को मात दे दी है। इलाज के बाद वह कोरोना से ठीक हो गए हैं। शुक्रवार को उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी। इसके बाद सत्येंद्र जैन को मैक्स अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मैक्स अस्पताल में प्लाज्मा थेरेपी से उनका इलाज किया गया। अब वह स्वस्थ्य हैं।
इससे पहले सत्येंद्र जैन की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा था। उन्हें अभी हाल में ही आइसीयू से हटाकर सामान्य वार्ड में भर्ती कराया गया था।
15 जून को सत्येंद्र जैन की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना के लक्षण होने पर उनकी जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। फेफेड़े में संक्रमण बढ़ने के कारण उन्हें साकेत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर उन्हें प्लाज्मा थेरेपी दी गई। इसके बाद उन्हें राहत मिलनी शुरू हो गई।
बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण अभी थमता नहीं दिख रहा है। थोड़ी राहत के बात यह है कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है और मरीजों के ठीक होने की दर पहली बार 60 फीसद के पार पहुंच गई है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में कोरोना के कुल मामले 73,780 हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक कुल 44,765 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 2429 हो गई है। फिलहाल 26,586 सक्रिय मरीज हैं, जो उपचाराधीन हैं। इनमें से 6241 मरीज अस्पतालों में भर्ती किए गए हैं। वहीं कोविड हेल्थ सेंटर में 211 व कोविड केयर सेंटर में 1585 मरीज भर्ती हैं। 15,159 मरीजों का घर में इलाज मौजूदा समय में 15,159 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। दिल्ली में अब तक कुल 4 लाख 38 हजार 12 सैंपलों की जांच की गई है। इसमें से 17,350 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है।