दिल्ली में शख्स ने महिला से दुष्कर्म का वीडियो परिवार को भेजा, पति ने दिया तलाक
सनलाइट कालोनी थाना क्षेत्र में नशीला पेय पिलाकर महिला से दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाकर पांच साल तक प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोपित ने अपने हित के लिए दोस्तों और अन्य कारोबारी सहयोगियों के साथ संबंध बनाने पर उसे बाध्य किया।
नई दिल्ली [गौरव बाजपेई]। सनलाइट कालोनी थाना क्षेत्र में नशीला पेय पिलाकर महिला से दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाकर पांच साल तक प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोपित ने अपने हित के लिए दोस्तों और अन्य कारोबारी सहयोगियों के साथ संबंध बनाने पर उसे बाध्य किया और उसके वीडियो रिकार्ड किए। महिला ने जब उसकी बात मानने से इन्कार किया तो उसने उसका वीडियो वायरल कर उसके परिवार को दे दिया। इसके बाद उसके पति ने उसे तलाक दे दिया। महिला ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित युवक गिरि गौतम को गिरफ्तार कर लिया।
सनलाइट कालोनी थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला 2017 में एक राजनीतिक दल की मीटिंग में गिरि गौतम के संपर्क में आई थी। पार्टी का प्रचार करवाने के लिए आरोपित ने महिला को कार्यालय बुलाया। वहां उसने नशीला पेय पिलाकर उससे दुष्कर्म किया और वीडियो शूट कर लिया। आरोपित ने महिला को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच साल तक उसका शोषण किया। आरोपित ने महिला पर दबाव बनाकर कारोबारी सहयोगियों और राजनीतिक लोगों के साथ भी संबंध बनाने के लिए बाध्य किया। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपित अन्य लोगों से उसे संबंध बनाने पर मजबूर करता था और उसके माध्यम से कमाई करता था।
महिला अपने परिवार और सामाजिक जीवन को बचाने के लिए उसकी बात मानती रही। आरोपित उससे देह व्यापार कराता रहा। लगातार उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने उसकी बात माननी बंद कर दी तो आरोपित ने उसके वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिए और उसके पारिवारिक सदस्यों को भी दे दिए।
महिला ने बताया कि एक दिन उसकी जेठानी से उसका कुछ विवाद हो गया। इस पर जेठानी ने उसे डांटते हुए कहा कि तेरी अश्लील वीडियो मेरे पास है। इसके बाद उसने परिवार को वह वीडियो दिखा दिया। वीडियो परिवार तक पहुंचने पर महिला के पति ने उसे तलाक दे दिया। महिला ने बताया कि उसके पति ने उसकी दोनों बेटियों को अपने पास रख लिया। वह अब अपने बेटे के साथ अपने मायके में रह रही है। पीड़िता ने 15 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।