Delhi Lockdown 4.0: लॉकडाउन में हो रही थी नाबालिग लड़का-लड़की की शादी, आगे क्या हुआ पढ़िए- खबर
Delhi Lockdown 4.0 छह माह पहले उनकी लड़की इसी लड़के के साथ घर से भाग गई थी और दोनों की जिद है कि उन्हें शादी करनी है।
नई दिल्ली [रीतिक मिश्रा]। Delhi Lockdown 4.0: सजग रिश्तेदार के चलते नाबालिग किशोर व किशोरी शादी के बंधन में बंधने से बच गए। राजधानी दिल्ली की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी की शादी उसके परिजन एक नाबालिक किशोर से करा रहे थे, लेकिन मौका पाते ही किशोरी की चाची ने दिल्ली महिला आयोग के महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर इसकी जानकारी दी। हेल्पलाइन काउंसलर से फोन पर सूचना मिलते ही महिला आयोग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और आयोग के सदस्यों ने शादी को रुकवा दिया।
महिला आयोग के मुताबिक लड़की के परिजनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि बच्चों का विवाह नहीं सगाई कराई जा रही है, क्योंकि छह माह पहले उनकी लड़की इसी लड़के के साथ घर से भाग गई थी और दोनों की जिद है कि उन्हें शादी करनी है। लड़की के दादी ने यह भी बताया कि उनकी पोती आत्महत्या करने की धमकी भी देती है, इसलिए घरवालों ने सगाई करवाने का फैसला किया।
टीम द्वारा दोनों बच्चों और परिवार वालों को पुलिस स्टेशन ले जाया गया। सभी के बयान दर्ज करवाने के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पूरे मामले की सूचना चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और स्थानीय एसडीएम को दी गई। वहीं, दिल्ली महिला आयोग की टीम ने लड़की की कॉउंसलिंग की और उसे कानून के बारे में बताया। लड़की के परिवार वालों को भी सख्ती से समझाया गया कि बालविवाह गैर कानूनी अपराध है।
लड़की के परिवार वालों से भी पुलिस की मौजूदगी में लिखित में लिया गया कि वो इस तरह की गैरकानूनी गतिविधि को दोबारा अंजाम नहीं देंगे दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने कहा कि यह समय है जब बच्चों को सही गलत का फर्क समझाना बहुत जरूरी है। बच्चों को सही मनोवैज्ञानिक परामर्श की भी जरूरत है। ऐसे मां-बाप जो अपने बच्चों की कम उम्र में शादी कराते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी होनी चाहिए।