Delhi: सीएम अरविंद केजरीवाल ने लक्ष्मी नगर विस्थापितों के लिए दिए तत्काल अस्थायी आवास के आदेश
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार के अधिकारियों को नगर निगम की कार्रवाई से बेघर हुए पीड़ितों के लिए तत्काल अस्थायी आवास का प्रबंध करने का आदेश दिया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पूर्वी दिल्ली के ईस्ट लक्ष्मी नगर मार्केट में रोड पर बनी झुग्गियों को मास्टर प्लान के तहत कोर्ट के आदेश पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा तोड़े जाने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों से बात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान दिल्ली सरकार के अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार के अधिकारियों को नगर निगम की कार्रवाई से बेघर हुए पीड़ितों के लिए तत्काल अस्थायी आवास का प्रबंध करने का आदेश दिया। केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर गरीबों के आवास तोड़े गए हैं। हमने कोर्ट के आदेश का अध्ययन करने के लिए अधिकारियों को बोल दिया है। पीड़ितों से मिलने के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री के साथ समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़ला, विधायक कुलदीप कुमार और अजय दत्त शामिल थे।
अरविंद केजरीवाल ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि यहां पर कोर्ट के आदेश पर कुछ गरीबों की झुग्गियों व मकानों को तोड़ा गया है। मैंने अधिकारियों को कोर्ट के आदेश का अध्ययन करने का आदेश दे दिया है कि कोरोना काल के दौरान किन हालात में कोर्ट ने यह आदेश जारी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी बेघर हुए लोगों के रहने के लिए अस्थायी बंदोबस्त किया जाएगा। इसके लिए आसपास कोई जमीन मिलती है तो टेंट लगाकर इनके रहने की व्यवस्था की जाएगी। जमीन उपलब्ध नहीं होने पर किसी स्कूल में रहने, खाने और शौचालय का प्रबंध किया जाएगा। इसके बाद इनके स्थायी समाधान के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर कुछ रास्ता निकाला जाएगा। अभी यह लोग खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर हैं। इसलिए दिल्ली सरकार का मुख्य ध्यान बेघर हुए लोगों को अस्थायी तौर पर रहने का प्रबंध करना है।