दिल्ली से नोएडा घूमने आई लड़की से चार दिनों तक दुष्कर्म, मौसा बना हैवान
नया बांस गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। रिश्ते के मौसा ने 12 साल की किशोरी को कमरे में बंधक बना चार दिन तक दुष्कर्म किया।
नोएडा (जेएनएन)। नया बांस गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। रिश्ते के मौसा ने 12 साल की किशोरी को कमरे में बंधक बना चार दिन तक दुष्कर्म किया। दिल्ली की रहने वाली किशोरी मौसा के पास घूमने आई थी। आरोपित कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर किशोरी को कमरे में बेसुध रखे हुए था। मंगलवार को किशोरी का पिता उसे लेने नया बांस पहुंचा तो वह बेसुध मिली। पिता की शिकायत पर सेक्टर 20 कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने और पॉक्सो समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
पश्चिमी बंगाल की रहने वाली 12 साल की पीड़ित किशोरी परिवार के साथ दिल्ली में रहती है। चार दिन पहले किशोरी अपने पिता के साथ नया बांस में रहने वाले मौसा सुब्रतो हल्दर के यहां घूमने आई थी। सुब्रतो हल्दर यहां पानी सप्लाई का काम करता है। पिता शाम को उसे लेकर दिल्ली जाने लगे, तो आरोपित ने घुमाने के बहाने से किशोरी को अपने पास रोक लिया।
नशीला पदार्थ पिला करता था हैवानियत
पिता के अनुसार, होश में आने पर बेटी ने बताया कि आरोपित पहले दिन से ही उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। पहले दिन उसने कोल्ड ड्रिंक और मिठाई लाकर खाने के लिए दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेसुध हो गई। सुबह नींद खुलने के बाद दुष्कर्म की जानकारी हुई। इसका उसने विरोध जताया और परिजनों से शिकायत करने को कहा तो आरोपित ने उसने जान से मारने की धमकी देकर कमरे में बंद कर दिया।