डाबड़ी फ्लाईओवर की दीवारें दे रही हैं राष्ट्रभक्ति व स्वच्छता का संदेश, लोक निर्माण विभाग व निगम ने उठाया ये कदम
क्षेत्र में यातायात के लिहाज से सर्वाधिक व्यस्त डाबड़ी चौराहे पर एक ओर जहां फैली हरियाली इलाके की खुबसूरती को बढ़ाएगी वहीं फ्लाईओवर की दीवारें लोगों को देशप्रेम व स्वच्छता का संदेश देते नजर आएंगी। डाबड़ी फ्लाईओवर पश्चिमी दिल्ली को उपनगरी द्वारका से सीधे जोड़ता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। क्षेत्र में यातायात के लिहाज से सर्वाधिक व्यस्त डाबड़ी चौराहे पर एक ओर जहां फैली हरियाली इलाके की खुबसूरती को बढ़ाएगी, वहीं फ्लाईओवर की दीवारें लोगों को देशप्रेम व स्वच्छता का संदेश देते नजर आएंगी। डाबड़ी चौराहा सुंदरीकरण योजना में दिल्ली सरकार की लोक निर्माण विभाग और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम दोनों अपने-अपने स्तरों पर कार्य करने में जुटी हैं।
निगम करा रहा है पेंटिंग: डाबड़ी फ्लाईओवर पश्चिमी दिल्ली को उपनगरी द्वारका से सीधे जोड़ता है। यहां से तीन दिशाओं में रास्ते जाते हैं। अब जब आप यहां से गुजरेंगे तो यहां की दीवारें पहले की तरह एक रंग में रंगी नजर नहीं आएंगी। अभी यहां कलाकार दीवारों पर म्यूरल पेंटिंग करते नजर आते हैं। यहां एक जगह झांसी की रानी लक्ष्मीबाई अंग्रेजों से युद्ध करती नजर आती हैं तो दूसरी ओर स्वच्छता को लेकर छोटे बच्चों द्वारा अपने स्तर पर किया जाने वाला प्रयास नजर आता है।
तिरंगा दूर से ही आएगा नजर: फ्लाईओवर के बीच में लोक निर्माण विभाग 121 फीट ऊंचे पोल पर तिरंगा लहराने की योजना बना रहा है। फिलहाल यहां पोल को खड़ा कर दिया गया है। पोल के नीचे सुंदरीकरण व अन्य जरूरी कार्य किए जा रहे हैं।
जगह-जगह लगाए जा रहे ग्रिल
डाबड़ी फ्लाईओवर के नीचे हरियाली को लेकर कार्य बड़े पैमाने पर किए जा रहे हैं। एक बार हरियाली विकसित होने के बाद इसे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचे इसके लिए हरित क्षेत्रों के चारों ओर ग्रिल लगाए जा रहे हैं। इनके बीच तय स्थान पर यदि कोई पहुंचे तो उनके बैठने के लिए बेंच भी लगाए जाएंगे। जगह जगह आकर्षक वस्तुएं रखी जा रही हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से यहां अंग्रेजी के अक्षरों में आइ लव दिल्ली लिखा ढांचा लगाया गया है।
- डाबड़ी चौराहा इलाके में एक ऐसी जगह है, जहां से क्षेत्र के लोग सप्ताह में कम से कम एक बार तो हर हाल में गुजरते ही हैं। यहां से हजारों वाहनों का गुजरना होता है। पैदल यात्रियों की भी अच्छी खासी संख्या रहती है। तमाम बातों को देखते हुए ही इस फ्लाईओवर के सुंदरीकरण की योजना बनाई गई है। इसमें लोक निर्माण विभाग की ओर से भी कई कार्य किए जा रहे हैं। 26 जनवरी तक अधिकांश कार्यो को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राजेश ऋषि, विधायक, जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र